राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मंगलवार को बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का दौरा करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए कुलाधिपति वाटिका और सरोवर का लोकार्पण किया। इसके बाद लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से चल रही विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की।

राज्यपाल का हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 11:50 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरा और वहीं से सीधे विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक ब्लॉक और अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उच्च मानकों के साथ निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक नवाचार, पाठ्यक्रम विकास, सांस्कृतिक एवं धार्मिक अध्ययन, साथ ही संस्थान और क्षेत्र की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा की। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को शिक्षा, शोध और नवाचार के उच्चतम मानक स्थापित करने का मार्गदर्शन दिया।

कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने राज्यपाल को संस्थान की अब तक की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं से अवगत कराया। बैठक में चैत्र नवरात्र के दौरान मुख्य प्रशासनिक भवन के संभावित लोकार्पण पर भी चर्चा हुई।