पटना। केंद्रीय बजट में बिहार को रेलवे सेक्टर में 10,379 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है। राज्य को यह बड़ी सौगात वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना के लिए दी गई है, जिससे पटना सीधे इस नेटवर्क से जुड़ेगा। इस परियोजना के तहत भविष्य में बुलेट ट्रेन का संचालन भी किया जाएगा।

बिहार में रेल विकास का बजट
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता में बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 1,09,158 करोड़ रुपये की लागत से कई रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं। इन योजनाओं में नई लाइनें, ट्रैक डबलिंग, विद्युतीकरण, स्टेशन आधुनिकीकरण और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल हैं।

वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
इस प्रस्तावित कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इसकी पूरी होने के बाद वाराणसी से सिलीगुड़ी की यात्रा केवल 2 घंटे 55 मिनट में पूरी की जा सकेगी। यह परियोजना पूर्वी भारत में रेल कनेक्टिविटी के नक्शे को पूरी तरह बदल देगी।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
पूरा हाई-स्पीड ट्रैक एलिवेटेड बनाया जाएगा, जिससे भूमि अधिग्रहण की चुनौतियां कम होंगी और ट्रेनों की सुरक्षा व रफ्तार दोनों सुनिश्चित होंगे। पटना के इस नेटवर्क से जुड़ने पर न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।