चमोली। कर्णप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय तनाव फैल गया जब स्थानीय लोगों और हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख समुदाय के कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और हिंसा तक पहुंच गया।

धारदार हथियार से हमले का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान सिख समुदाय के कुछ लोगों द्वारा धारदार हथियारों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। इस हमले में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों में एक होटल स्वामी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है।

हाईवे पर जाम, क्षेत्र में तनाव

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कर्णप्रयाग चौकी परिसर और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसके अलावा पंचपुलिया क्षेत्र में भी प्रदर्शन और अवरोध देखने को मिला, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

तनाव बढ़ने के कारण गौचर में यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

प्रशासन की बातचीत के बाद खुला रास्ता

करीब एक घंटे तक हाईवे बाधित रहने के बाद प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल किया गया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।