देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत राजधानी के वीआईपी क्षेत्र यमुना कॉलोनी में सरकारी भूमि पर बने एक अवैध ढांचे को देर रात प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासियों द्वारा इस निर्माण को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित भूमि सरकारी है और उस पर अनधिकृत रूप से कब्जा कर संरचना खड़ी की गई थी।
इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष को अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया था। निर्धारित अवधि में स्वयं कार्रवाई न होने पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटा दिया।
जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर देर रात की गई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थल पर किसी प्रकार की धार्मिक सामग्री या अवशेष नहीं पाए गए।
प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में पहले नोटिस दिया जाएगा, लेकिन अनुपालन न होने पर सख्त कार्रवाई तय है।