हापुड़। नेशनल हाईवे-9 पर 31 जनवरी को हुई 64 लाख रुपये की बड़ी लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुक्रवार तड़के कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाशों से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह लूट चावल कारोबारी के मुनीम से की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। स्वाट टीम को सूचना मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध बाइक से सिखेड़ा बंबा क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
जब संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान गाजियाबाद निवासी रईस के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके चार साथियों को मौके से दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये नकद, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।