‘2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था’, गोंडा में बोले सीएम योगी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले के करनैलगंज क्षेत्र के चकरौत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए गोंडा के विकास, कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में आए बदलावों पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है, लेकिन लंबे समय तक यह अपेक्षित विकास से वंचित रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों की तुष्टिकरण, जातिवाद और भाई-भतीजावाद की राजनीति के कारण जिले की प्रगति प्रभावित हुई।
बदली उत्तर प्रदेश की पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय प्रदेश के युवाओं को अपनी पहचान को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के लोगों को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा जाता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार की नीतियों के चलते आज यूपी और गोंडा का नाम सम्मान और विकास के साथ लिया जाता है।
पात्रता के आधार पर मिल रहा योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में सरकारी योजनाओं का लाभ किसी जाति, वर्ग या राजनीतिक पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि पात्रता के अनुसार दिया जा रहा है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुंचा है।
कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और असुरक्षा का माहौल बना रहता था। त्योहारों के दौरान अक्सर तनाव की स्थिति उत्पन्न होती थी और व्यापारी तथा महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है और अब किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अयोध्या के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि सदियों के इंतजार के बाद यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या वैश्विक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है, जिससे प्रदेश की पहचान को नई मजबूती मिली है।
गोंडा में बढ़ा शिक्षा और स्वास्थ्य का ढांचा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने विकास को किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रखा, बल्कि हर जिले तक सुविधाएं पहुंचाई हैं। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, अस्पताल और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की गई है। वहीं, श्रावस्ती में एयरपोर्ट निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्राकृतिक खेती और सौर ऊर्जा को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे खेती की लागत कम होगी और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ देश के ऊर्जा भविष्य को मजबूत करेगी।
बाढ़ नियंत्रण और पुल निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि मटियारी घाट पर घाघरा नदी के किनारे दीर्घ सेतु निर्माण के लिए आवश्यक स्पर और बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इससे बाढ़ से प्रभावित होने वाली हजारों एकड़ कृषि भूमि को सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की लंबे समय से लंबित मांग को भी पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि करनैलगंज आईटीआई में आधुनिक कार्यशाला, नए पशु चिकित्सालय और कई अन्य जनहितकारी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे जिले को आधुनिक विकास की नई पहचान मिलेगी।
इतनी परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण और शिलान्यास
कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में 19.23 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 236.62 करोड़ रुपये की 84 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में 64.92 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण और 194.86 करोड़ रुपये की 130 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इन सभी परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.