नालंदा में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत

नालंदा: जिले के एकंगरसराय–जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के समीप मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और पुल के डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव की कोशिश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
तीन चचेरे भाइयों की जान गई
इस हादसे में जहानाबाद जिले के टेनी बीघा गांव के रहने वाले तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनू कुमार (21), रोहित कुमार (22) और उद्देश्य कुमार (18) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे।
बताया जा रहा है कि वे मसौढ़ी में एक मित्र की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। भातु बीघा गांव से अपने घर टेनी बीघा जाने के दौरान कठार पुल के पास यह हादसा हो गया।
एक युवक गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में 19 वर्षीय सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए उसे पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है।
दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की मौत पटना ले जाते समय रास्ते में हो गई।
गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही टेनी बीघा गांव में मातम छा गया। एक ही परिवार के तीन युवकों की असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव का माहौल गमगीन है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.