यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती: बोर्ड ने की अपील, चप्पल पहनकर आएं अभ्यर्थी

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली इस लिखित परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, अब तक 16 लाख से अधिक उम्मीदवार अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर चुके हैं।
परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी और इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा गया है। भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर जूते की जगह चप्पल पहनकर आएं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में आसानी हो सके। हालांकि, धार्मिक प्रतीक जैसे कलावा और मंगलसूत्र पहनकर आने पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि 32,679 आरक्षी पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नकल रोकने के लिए विशेष रूप से एसटीएफ और पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय से पहुंचा दिए गए हैं और रविवार शाम से ही सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई थी। अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले आधार सत्यापन और ई-केवाईसी प्रक्रिया से गुजरना होगा।
इसके अलावा, आइरिस (आंखों की पुतलियों) की जांच के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के अनुसार, प्रत्येक पाली में लगभग 4.90 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके गृह जनपद में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.