दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने महिपालपुर क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों के भंडारण और कालाबाजारी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कृष्णा, दिनेश साहू और मिथिलेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार कमर्शियल सिलिंडर सहित कुल 74 गैस सिलिंडर, एक टाटा एस गोल्ड वाहन, इलेक्ट्रॉनिक व हैंगिंग वेटिंग मशीनें और गैस ट्रांसफर के उपकरण बरामद किए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि वाहन चोरी निरोधक शाखा को महिपालपुर में गैस सिलिंडरों की अवैध बिक्री और भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने 21 मार्च को के ब्लॉक में एक मकान पर दबिश दी, जहाँ बड़ी संख्या में एलपीजी सिलिंडर पाए गए। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया।
जांच में पता चला कि आरोपियों के पास गैस भंडारण या बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने स्थानीय लोगों को बिना बिल के सिलिंडर बेचे और अधिक मुनाफा कमाने के लिए भरे हुए सिलिंडरों से गैस निकालकर खाली सिलिंडरों में भरते थे। इसके लिए वह पाइप और टाटा एस वाहन का उपयोग करते थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बांका (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 20-25 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे। पिछले तीन साल से यह गिरोह अवैध धंधे में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरी छानबीन जारी है।