गुजरात में नशे में धुत शख्स ने अपने चार पहिया वाहन से कई गाड़ियों को कुचल दिया। इस दौरान उसकी चपेट में एक स्कूटी भी आई। दुर्घटना में एक की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक, वडोदरा में एक चार पहिया वाहन और दो पहिया वाहन की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार पहिया वाहन का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त लीना पाटिल ने कहा कि एक चार पहिया वाहन ने दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी और दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। यह शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला है। 

डीसीपी पन्ना मोमाया ने कहा, '... एक कार संगम से मुक्तानंद चौराहे की ओर जा रही थी। तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी रक्षित रवीश चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी मीत चौहान की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। एक महिला की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हैं। यह शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला है। आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।'

सड़क हादसे में गई थी बंगाल के पांच पर्यटकों की मौत
इससे पहले पिछले महीने गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सड़क दुर्घटना में पश्चिम बंगाल के पांच पर्यटकों की मौत हो गई थी। हादसे में पांच अन्य घायल भी हुए थे। पुलिस के मुताबिक, घटना हसन तालुक के हेग्गाडीहल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर हुई। जिले के चूड़ा पुलिस थाने के उपनिरीक्षक जेएन गमारा ने बताया था कि दुर्घटना शाम करीब साढ़े चार बजे लिंबडी तालुका के नवी मोरवाड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। बंगाल के पर्यटकों का एक समूह एक टेंपो ट्रैवलर में यात्रा कर रहा था, तभी वाहन एक डंपर से टकरा गया। वे दीव और गिर जैसी जगहों से यात्रा करके लौट रहे थे और दो दिन बाद अहमदाबाद से उनकी उड़ान थी। दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को उपचार के लिए जिले के सायला स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।