भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नई ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं, जिनमें से दो ट्रेनें मध्य प्रदेश और एक गुजरात से संचालित की जाएंगी। ये ट्रेनें न केवल यात्रियों के आवागमन को आसान बनाएंगी, बल्कि पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी। बड़ी संख्या में लोगों को इन सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा। रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी, जबकि रीवा-पुणे एक्सप्रेस और भावनगर-अयोध्या कैंट ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी।
मध्य प्रदेश को दो ट्रेनों की सौगात
जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और रीवा-पुणे एक्सप्रेस की वर्चुअल उद्घाटन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को किया। वहीं तीसरी सेवा भावनगर टर्मिनस (गुजरात) से अयोध्या कैंट (उत्तर प्रदेश) के बीच चलेगी, जिससे गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस
यह ट्रेन सेवा 3 अगस्त से शुरू हो चुकी है। यह प्रतिदिन रायपुर से जबलपुर के बीच चलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन जबलपुर से सुबह 6 बजे रवाना होगी और रायपुर से दोपहर 2:45 बजे प्रस्थान करेगी। कुल यात्रा अवधि लगभग 7 घंटे 50 मिनट की होगी और यह मार्ग में 9 स्टेशनों पर रुकेगी।
रीवा-पुणे एक्सप्रेस: सप्ताहिक ट्रेन सेवा
रीवा से पुणे के लिए शुरू की गई इस एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार सुबह 6:45 बजे रीवा से रवाना होकर सतना, कटनी, जबलपुर, नागपुर और अहमदनगर होते हुए गुरुवार सुबह 9:45 बजे पुणे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन गुरुवार शाम 5:30 बजे पुणे से चलकर शुक्रवार को रीवा पहुंचेगी। लगभग 1490 किलोमीटर की दूरी को तय करने में यह सेवा करीब 27 घंटे का समय लेगी। इससे शिक्षा, व्यापार और रोज़गार के नए अवसर भी सुलभ होंगे।
भावनगर-अयोध्या कैंट ट्रेन सेवा
गुजरात के भावनगर से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट तक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा 11 अगस्त 2025 से नियमित रूप से शुरू होगी। यह ट्रेन करीब 1,552 किलोमीटर की दूरी को 28 घंटे 45 मिनट में तय करेगी। इस सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।