ओड़िया फिल्म उद्योग के लिए पिछले कुछ दिन बेहद मुश्किल साबित हुए हैं। इसी बीच एक दुखद खबर ने ओलिवुड को गहरे शोक में डाल दिया है। उद्योग के लोकप्रिय पार्श्व गायक ह्यूमन सागर का 34 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। युवा कलाकार के अचानक चले जाने से उनके प्रशंसकों और पूरे मनोरंजन जगत में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को स्वास्थ्य बिगड़ने पर ह्यूमन सागर को भुवनेश्वर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही थी। तीन दिनों तक चले उपचार के बावजूद 17 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि हाल ही में एक स्टेज शो के दौरान उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। ह्यूमन की मां, शेफाली ने आरोप लगाया है कि बेटे की बिगड़ती तबीयत के बावजूद उन्हें कार्यक्रम में प्रदर्शन करने को मजबूर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मौत मल्टी-ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम के कारण हुई।

ह्यूमन सागर को ओड़िया संगीत जगत में एक खास मुकाम हासिल था। वे ‘वॉयस ऑफ ओडिशा’ सीजन 2 के विजेता रहे थे और अपने करियर में कई लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज़ दी। उनका यूँ अचानक चले जाना ओलिवुड के लिए एक अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।