फतेहाबाद में ट्रक से शराब की 800 पेटियां बरामद, रुई की गांठों में छिपाकर ले जा रहे थे

HIGHLIGHTS
- कार्रवाई सीआईए फतेहाबाद पुलिस की टीम ने की।
- पुलिस टीम 2 अक्टूबर को धारणिया टी-प्वाइंट क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
- संदिग्ध ट्रक के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी।
फतेहाबाद। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सीआईए फतेहाबाद पुलिस को बड़ी कार्रवाई मिली है। पुलिस ने रुई की गांठों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 800 पेटियां बरामद की हैं। शराब से भरे ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बरामद पेटियों पर ‘फॉर सेल इन पंजाब ओनली’ लिखा हुआ मिला। पुलिस अब शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
डीएसपी जयसिंह के अनुसार, 2 अक्टूबर को पुलिस टीम धारणिया टी-प्वाइंट, बड़ोपल क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बड़ोपल पुल से गांव बड़ोपल की ओर एनएच-9 पर गुजरात नंबर का एक ट्रक संदिग्ध स्थिति में खड़ा है। सूचना में बताया गया था कि ट्रक में रुई की गांठों के बीच बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जय श्रीराम गौड़ वैष्णु भोजनालय के सामने हरे रंग के तिरपाल से ढका ट्रक खड़ा मिला। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से ट्रक चालक के बारे में जानकारी ली, लेकिन चालक वहां नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रुई की गांठों के बीच अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपी मिलीं। गिनती करने पर कुल 800 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर थाना सदर फतेहाबाद में मामला दर्ज किया है। अब ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.