सुंदरनगर में दर्दनाक हादसों का दिन: तीन घटनाओं में चार की मौत, तीन घायल

सुंदरनगर उपमंडल में सोमवार का दिन हादसों से भरा रहा। यहां एक ही दिन में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दो लोगों का इलाज शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में चल रहा है।
सुबह 8 बजे के करीब चरखड़ी के पास एक प्राइवेट बस हादसे का शिकार हो गई। बस का ड्राइवर चाय पीने के लिए बाहर गया था, तभी बस अचानक पीछे की ओर खिसक गई। बस में एक बच्चा और तीन महिलाएं सवार थीं। इस हादसे में 75 वर्षीय कलावती की मौत हो गई। 11 वर्षीय यक्षित और उनकी 31 वर्षीय माता गीता देवी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें शिमला भेजा गया है। वहीं 55 वर्षीय कृष्णा देवी को हल्की चोटें आईं और इलाज के बाद घर भेज दिया गया। एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वहीं सुंदरनगर के कुशला गांव में एक रसोईघर में आग लगने से 85 वर्षीय हिमी देवी की जलकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि तीसरी घटना सलापड़-ततापानी मार्ग पर हुई, जब एक कार अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में गिर गई। इसमें दो लोगों – नगीन कुमार और कुलदीप – की मौत हुई।
घटनाओं के तुरंत बाद प्रशासन ने मृतकों के परिवारों और घायल लोगों को राहत मुहैया कराई। सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने सभी घटनाओं पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को हरसंभव मदद देने के निर्देश दे दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.