सहारनपुर दिशा बैठक में भिड़े इमरान मसूद और आशु मलिक, 'चाय-पकौड़ी' वाली टिप्पणी से गरमाया माहौल

HIGHLIGHTS
- बेहड़ा संदल गांव की सड़क और अधूरे नाले का मुद्दा बैठक में उठा।
- विधायक ने नाले से कब्रिस्तान और खेतों में पानी जाने की बात कही।
- संबंधित अधिकारी के जवाब से विधायक संतुष्ट नहीं हुए।
सहारनपुर में मंगलवार शाम विकास भवन के सभागार में हुई दिशा की बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच राजनीतिक तल्खी खुलकर सामने आ गई। बैठक में बेहड़ा संदल गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क और अधूरे नाले को लेकर विधायक ने सवाल उठाया।
जवाब से असंतुष्ट होने पर विधायक और सांसद के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान विधायक की चाय-पकौड़ी वाली टिप्पणी और सांसद के जवाब से बैठक का माहौल गरमा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
सड़क और अधूरे नाले को लेकर विधायक ने उठाया सवाल
दिशा की बैठक सांसद इमरान मसूद की अध्यक्षता में चल रही थी। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान सपा विधायक आशु मलिक ने बेहड़ा संदल गांव में करीब चार वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान नाला अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे कब्रिस्तान और खेतों में पानी जा रहा है। विधायक ने नाले का निर्माण दोबारा कराने की मांग की।
अधिकारी के जवाब पर भड़के विधायक
संबंधित अधिकारी ने बताया कि नाले का निर्माण उक्त योजना के तहत नहीं आता। इस पर विधायक आशु मलिक ने कहा कि पिछली बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था और उस समय भी गलत जानकारी दी गई थी। इसी बात को लेकर सांसद और विधायक के बीच बहस शुरू हो गई।
विधायक बोले- चाय पकौड़ी खाने नहीं आए, सांसद ने पूछा- खिला कौन रहा है
बहस के दौरान सांसद इमरान मसूद ने विधायक से नियमों के तहत बात रखने को कहा। इस पर आशु मलिक ने कहा कि सवाल उनका है और वह मिले जवाब से संतुष्ट नहीं हैं। विधायक ने कहा कि वे जनता के लिए बैठक में आए हैं, चाय पकौड़ी खाने नहीं आए। इस पर सांसद ने जवाब दिया कि चाय पकौड़ी कौन खिला रहा है। उन्होंने विधायक से नियमों के तहत बैठक चलने देने की बात कही और यह कहने पर आपत्ति जताई कि अधिकारी गलत जानकारी दे रहे हैं।
सांसद ने अधिकारी को दिए बिंदुवार जानकारी देने के निर्देश
बहस बढ़ने के बाद सांसद इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि विधायक को पूरे मामले की जानकारी एक सप्ताह के भीतर बिंदुवार उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद बैठक आगे बढ़ी।
नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित
सांसद और विधायक के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दे पर तीखी बहस सुनाई दे रही है। घटना के बाद सहारनपुर के राजनीतिक गलियारों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.