अमरनाथ यात्रा के काफिले में हादसा, रामबन में दो बस और कार की टक्कर; 18 श्रद्धालु घायल

HIGHLIGHTS
- अमरनाथ यात्रा के दौरान रामबन में बड़ा सड़क हादसा, दो बसों और एक कार की टक्कर में 18 श्रद्धालु घायल।
- प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
- रामबन जिला अस्पताल में इलाज के बाद सभी घायलों की हालत सामान्य पाई गई, यातायात व्यवस्था भी बहाल कर दी गई।
अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदरकोट लंगर स्थल के पास यात्रा काफिले में शामिल दो बसें और एक कार आपस में टकरा गईं। दुर्घटना में अमरनाथ यात्रियों समेत 18 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7:20 बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि काफिले में चल रही एक बस के ब्रेक में खराबी आ गई थी। इसके बाद बस ने आगे चल रहे वाहन को टक्कर मार दी, जिसके बाद पीछे आ रही दूसरी बस और कार भी दुर्घटना की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
सभी घायलों को तत्काल रामबन जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुदर्शन सिंह कटोच ने बताया कि कुल 18 घायलों को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य पाई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन राहत कार्य पूरा होने के बाद वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा में शामिल वाहन चालकों से सतर्कता बरतने, गति नियंत्रित रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.