रामबन में आधे घंटे के भीतर दो सड़क हादसे, एक पर्यटक की मौत; 56 लोग घायल

HIGHLIGHTS
- दोनों हादसे जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर रामबन जिले में हुए।
- हादसों के बीच करीब आधे घंटे का अंतर बताया गया है।
- श्रीनगर से जम्मू जा रही यात्री बस मारूग के पास पहाड़ी से टकराई।
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में पश्चिम बंगाल के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि नौ सुरक्षाकर्मियों समेत कुल 56 लोग घायल हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसों में एक यात्री बस और बचाव अभियान में सहायता के लिए जा रही सुरक्षा बलों की एक गाड़ी शामिल थी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
यात्री बस पहाड़ी से टकराई, महिला की मौत
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही पश्चिम बंगाल नंबर की यात्री बस सुबह करीब 8:50 बजे मारूग के पास हादसे का शिकार हो गई। चालक के नियंत्रण खोने के बाद बस पहाड़ी से जा टकराई। दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 47 अन्य लोग घायल हुए।
मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी जमुना के रूप में हुई है। यह पर्यटकों का समूह कश्मीर में छुट्टियां बिताने के बाद वापस लौट रहा था।
घायलों में सुचित्रा, लक्षवंती, केदार पात्रा और फौजी राम को इलाज के लिए जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, अन्य घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें अगले कुछ घंटों में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
सीआरपीएफ की गाड़ी पलटी, 9 सुरक्षाकर्मी घायल
दूसरा हादसा केला मोड़ के पास हुआ, जहां सीआरपीएफ जवानों को ले जा रही एक गाड़ी पलट गई। दुर्घटना में छह पुलिसकर्मी और तीन सीआरपीएफ जवान घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बचाव अभियान में सहायता के लिए रामबन की जिला पुलिस लाइन्स से पुलिस और सीआरपीएफ की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को मौके की ओर भेजा गया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गंभीर रूप से घायल लोगों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए रामबन में हुए बस हादसे पर दुख जताया और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रामबन के डिप्टी कमिश्नर से बात की गई है, ताकि गंभीर रूप से घायलों को GMC जम्मू में हर संभव उपचार मिल सके। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.