जंतर-मंतर मामले में सीजेपी पर कार्रवाई, 11 सदस्यों को हिरासत में लेने का दावा

HIGHLIGHTS
- दिल्ली पुलिस ने सीजेपी नेताओं और अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
- प्रदर्शनकारियों पर बिना अनुमति जंतर-मंतर इलाके में प्रवेश करने का आरोप है।
- संगठन के मुताबिक, उसके करीब 11 सदस्यों को हिरासत में लिया गया।
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और पार्टी के अन्य सदस्यों के खिलाफ बिना अनुमति जंतर-मंतर इलाके में प्रवेश करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले में ट्रेसपासिंग की धारा लगाई है, जिसके बाद इस कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया है।
इससे पहले खबर सामने आई थी कि जंतर-मंतर पर जेडीयू कार्यालय की दीवार फांदकर पहुंचने के मामले में दिल्ली पुलिस कानूनी राय ले रही है। सौरव दास, आशुतोष रांका समेत वहां पहुंचे लोगों के खिलाफ ट्रेसपासिंग की धारा में एफआईआर दर्ज किए जाने की संभावना जताई गई थी। उस समय सभी को जाफरपुर कलां थाने में रखा गया था। हालांकि, एफआईआर को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही थी।
दरअसल, 7 जंतर-मंतर लेन में एक इमारत है, जिसमें कुछ घर और आगे की ओर जेडीयू का कार्यालय स्थित है। इसी इमारत में प्रवेश करने के बाद कुछ लोग जंतर-मंतर पहुंचे थे। ऐसे में किसी के घर में जबरन प्रवेश करना ट्रेसपासिंग के दायरे में आता है, जबकि जंतर-मंतर अलग स्थान है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सीजेपी नेताओं और पार्टी के अन्य सदस्यों के खिलाफ यह प्राथमिकी उस समय दर्ज की गई, जब वे भारी बैरिकेडिंग वाले विरोध स्थल में दाखिल हो गए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।
गौरतलब है कि हाल ही में जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल के रूप में मिली मान्यता समाप्त कर दी गई है। मंगलवार सुबह सौरव दास, आशुतोष रांका और सीजेपी के कुछ अन्य सदस्यों को निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर इलाके में प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
संगठन के अनुसार, उसके करीब 11 सदस्यों को हिरासत में लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को द्वारका जिले के जाफरपुर कलां पुलिस स्टेशन ले जाया गया। वहां सीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं के जुटने के बाद थाने और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.