OpenAI के ऑफिस में गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने का आरोप, सऊदी इंजीनियर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- OpenAI के सैन फ्रांसिस्को कार्यालय में गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने का मामला सामने आया।
- 35 वर्षीय सऊदी इंजीनियर अब्दुल रहमान अलफोजान को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
- डिवाइस कंपनी के एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में टेलीविजन के पीछे छिपाई गई थी।
वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में दुनियाभर की कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच AI कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित कार्यालय में सुरक्षा चूक और जासूसी की कोशिश का मामला सामने आया है।
अमेरिकी न्याय विभाग और संघीय अभियोजकों के मुताबिक, 35 वर्षीय सऊदी इंजीनियर अब्दुल रहमान अलफोजान को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने OpenAI के कार्यालय में एक कॉन्फ्रेंस रूम के टेलीविजन में टॉयलेट पेपर में लपेटकर गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाई थी।
कैसे सामने आया मामला?
यह एडवांस्ड रिकॉर्डिंग डिवाइस पिछले महीने के अंत में सुरक्षा टीम को मिली थी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ और जांच FBI को सौंप दी गई। आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए बैठकों की बातें सुनने से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है। दोषी पाए जाने पर उसे पांच साल तक की जेल और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के बयान के अनुसार, 35 वर्षीय अब्दुल रहमान अलफोजान जुलाई 2025 से OpenAI में काम कर रहा था। आरोप है कि उसने एक USB रिकॉर्डिंग डिवाइस को टॉयलेट पेपर में लपेटकर कंपनी के एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में लगे टेलीविजन के पीछे छिपा दिया था।
सुरक्षा कैमरों में अलफोजान को कई बार कॉन्फ्रेंस रूम के आसपास संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा गया। उसे वहां होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी।
वरिष्ठ अधिकारियों की लोकेशन समेत संवेदनशील जानकारी जुटाने का आरोप
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, अलफोजान ने OpenAI की इमारतों, मीटिंग रूम, कैलेंडर, बैठकों के शेड्यूल और वरिष्ठ अधिकारियों की लोकेशन ट्रैकिंग जैसी संवेदनशील जानकारियां जुटाने के लिए एक खास 'प्रोडक्टिविटी टूल' का इस्तेमाल किया था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रिकॉर्डिंग डिवाइस के जरिए कोई जानकारी रिकॉर्ड की जा सकी थी या नहीं।
इसके अलावा, अलफोजान के जीवनसाथी से जुड़े एक चैटबॉट अकाउंट की जांच में रिमोट ऑडियो रिकॉर्डिंग और मेमोरी कार्ड के डेटा को एन्क्रिप्ट करने से संबंधित सवालों की सर्च हिस्ट्री भी मिली है।
OpenAI ने अपने बयान में कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई संकेत नहीं है, जिससे पता चले कि संबंधित व्यक्ति ने कंपनी के मॉडल वेट्स, सोर्स कोड या ग्राहक डेटा तक गलत तरीके से पहुंच बनाई या उन्हें चुराया है।
अलफोजान को 19 अक्टूबर को संघीय अदालत में होने वाली सुनवाई में पेश होना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.