आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर अपर जिला जज से मारपीट, 40 अज्ञात समेत कई पर केस

HIGHLIGHTS
- घटना 24 अक्तूबर को खंदौली के मई चौराहे के पास हुई।
- बाइक की टक्कर से न्यायिक अधिकारी की कार क्षतिग्रस्त हो गई थी।
- विवाद के बाद बाइक सवार ने कथित तौर पर 30-40 लोगों को बुलाया।
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली के मई चौराहे के पास अलीगढ़ के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अली मुस्तफा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनकी कार में बाइक की टक्कर लगने के बाद बाइक सवार को समझाने पर उसने अपने 30-40 साथियों को बुला लिया। इसके बाद न्यायिक अधिकारी, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने जान से मारने और कार में आग लगाने की कोशिश भी की। न्यायिक अधिकारी ने परिवार के साथ किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान मुख्य आरोपी ने कार का पिछला शीशा तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने भूपेंद्र और 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अक्तूबर की है।
अलीगढ़ न्यायालय की कोर्ट संख्या पांच में तैनात अपर जिला जज अली मुस्तफा अपने पिता गुलाम मुस्तफा, मां और गनर के साथ लखनऊ से अलीगढ़ जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदौली इंटरचेंज से उतरने के बाद वे आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर पहुंचे।
बाइक की टक्कर के बाद विवाद
मई चौराहे पर जवाहर इंटर कॉलेज के सामने एक बाइक सवार ने कार की चालक वाली तरफ टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक सवार शराब के नशे में था। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद न्यायिक अधिकारी ने कार रुकवाई और बाइक सवार को गलत तरीके से वाहन चलाने के लिए समझाया।
आरोप है कि इस पर बाइक सवार गाली-गलौज करने लगा। उसने अपना नाम भूपेंद्र और खुद को बीएसएफ का जवान बताया। इसके बाद उसने अपने समर्थन में 30-40 लोगों को बुला लिया।
112 पर कॉल करने के बावजूद नहीं मिली सहायता
दर्ज प्राथमिकी में न्यायिक अधिकारी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके पिता की नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में चोटें आईं। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने और कार में आग लगाने का प्रयास भी किया।
स्थिति बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना की आशंका के चलते न्यायिक अधिकारी ने किसी तरह कार वहां से निकाली। आरोप है कि भूपेंद्र ने हेलमेट या किसी अन्य वस्तु से कार पर वार कर उसका पिछला शीशा तोड़ दिया। न्यायिक अधिकारी ने 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी, लेकिन उनके अनुसार मौके पर पुलिस सहायता नहीं मिली।
इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी को फोन पर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर भूपेंद्र निवासी गोविंदपुर, थाना सादाबाद, हाथरस और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि कार में बाइक की टक्कर लगने के बाद मारपीट हुई थी। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.