मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, गोवर्धन-राधाकुंड में 24 घंटे बंद रहेंगी आबकारी दुकानें

HIGHLIGHTS
- मुड़िया पूर्णिमा मेले को देखते हुए गोवर्धन और राधाकुंड क्षेत्र की आबकारी दुकानें 24 घंटे बंद रखने के आदेश।
- डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब, भांग और मॉडल शॉप बंद रखने का निर्णय लिया।
- मेले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 25 एंबुलेंस और 8 मोबाइल मेडिकल टीमें तैनात की गईं।
मथुरा: विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम कदम उठाया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोवर्धन और राधाकुंड नगर पंचायत के सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित सभी संबंधित आबकारी दुकानों को 24 घंटे के लिए पूरी तरह बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, संबंधित क्षेत्र की देशी मदिरा, कंपोजिट, भांग की दुकानों के साथ गोवर्धन स्थित मॉडल शॉप भी 28 जुलाई की शाम पांच बजे से 29 जुलाई की शाम पांच बजे तक बंद रहेंगी।
आदेश के तहत देशी मदिरा की गोवर्धन नंबर-1, गोवर्धन डीग रोड, सकीतरा और राधाकुंड तिराहा स्थित दुकानों को बंद रखा जाएगा। इसके अलावा कंपोजिट दुकानों में सकीतरा, गोवर्धन डीग रोड, राधाकुंड तिराहा और सौंख रोड गोवर्धन की दुकानें भी बंद रहेंगी।
भांग की दुकानों में सकीतरा, जतीपुरा, सौंख रोड गोवर्धन और राधाकुंड स्थित दुकानों को भी निर्धारित समय तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं गोवर्धन की मॉडल शॉप भी बंद रहेगी।
जिला प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारकों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि बंदी अवधि के लिए किसी भी अनुज्ञापी को किसी तरह का प्रतिकर या मुआवजा नहीं दिया जाएगा।
गोवर्धन में 25 एंबुलेंस और 8 मोबाइल टीमें तैनात
मुड़िया पूर्णिमा मेले के शुभारंभ के साथ ही गोवर्धन में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेला क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर, मोबाइल मेडिकल टीम, एंबुलेंस और मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीमों को अलर्ट रखा गया है।
गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नेहा चौधरी ने बताया कि मुड़िया मेला को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेले के दौरान 8 मोबाइल मेडिकल टीमें लगातार क्षेत्र में घूमकर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।
इसके अलावा 25 एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जो जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का काम करेंगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के उपचार के लिए 50 बेड की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा केंद्रों पर जरूरी दवाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
डॉ. नेहा चौधरी ने कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.