मुजफ्फरनगर में MBBS छात्रा की मौत, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

HIGHLIGHTS
- 23 वर्षीय शगुन सैनी MBBS फाइनल ईयर की छात्रा थी और हरियाणा के कैथल की रहने वाली थी।
- सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे रूम पार्टनर के हॉस्टल लौटने पर घटना का पता चला।
- कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने तोड़कर खोला।
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में MBBS की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार शाम छात्रा का शव हॉस्टल स्थित उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय शगुन सैनी के रूप में हुई है। वह MBBS फाइनल ईयर की छात्रा थी और हरियाणा के कैथल की रहने वाली थी। उसके माता-पिता दोनों सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उसका एक भाई भी MBBS की पढ़ाई कर रहा है।
बेटी की मौत की सूचना मिलने पर माता-पिता मुजफ्फरनगर पहुंचे। शव देखकर मां बेहोश हो गई। वहीं, पिता ने रोते हुए कहा कि अगर बेटी को कोई परेशानी थी तो उसे बताना चाहिए था। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करना चाहिए था और बेटी उन्हें जिंदगी भर का दर्द दे गई। घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज की है।
शाम को हॉस्टल लौटी थी छात्रा, कमरे का दरवाजा मिला बंद
थाना प्रभारी विपिन त्यागी के मुताबिक, शगुन कहीं बाहर गई थी और शाम को वापस हॉस्टल लौटी थी। उस समय उसकी रूम पार्टनर जिया कमरे में मौजूद नहीं थी। रात करीब साढ़े आठ बजे जब जिया कमरे में वापस आई तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
जिया ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। पहले उसे लगा कि शगुन सो रही होगी। इसके बाद उसने फोन किया और आवाज लगाकर उसे बुलाने की कोशिश की। इस दौरान आसपास के कमरों में रहने वाली छात्राएं भी वहां पहुंच गईं। उन्होंने रोशनदान से अंदर झांककर देखा तो शगुन का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।
शव देखकर घबराईं छात्राएं, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा
कमरे के अंदर शगुन का शव लटका देखकर छात्राएं घबरा गईं और चीखती हुई बाहर आ गईं। उन्होंने तत्काल मेडिकल कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई।
पुलिस ने शगुन के शव को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने कमरे की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।
दोस्त के साथ विवाद की बात आई सामने, पुलिस कर रही जांच
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि शगुन की रूम पार्टनर से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि उसका किसी दोस्त के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सोमवार शाम शगुन कहां गई थी और वहां से लौटने के बाद क्या हुआ। पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच करने के साथ ही उसके साथियों से भी पूछताछ कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.