भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद प्रशासन अलर्ट, संकोष नदी किनारे रहने वालों को चेतावनी

HIGHLIGHTS
- भूटान के पुनाखा में गुरुवार रात करीब 8:15 बजे फटी ग्लेशियर झील।
- झील का पानी संकोष नदी के रास्ते तक्तसिमाखांग इलाके तक पहुंचा।
- पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और असम के धुबरी में प्रशासन सतर्क।
भूटान के पुनाखा में गुरुवार रात एक ग्लेशियर झील फटने से आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। रात करीब 8:15 बजे झील से निकला पानी संकोष नदी के रास्ते तक्तसिमाखांग इलाके तक पहुंच गया। इस घटना को देखते हुए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और असम के धुबरी जिले में प्रशासन अलर्ट हो गया है।
अलीपुरद्वार में 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
संकोष नदी में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए अलीपुरद्वार प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। नदी के किनारे स्थित भलका-1, भलका-2, चेंगमारी और लैंड ग्राम पंचायतों के करीब 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।
सेना के जवानों को भी सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश
इस घटना के बाद तक्तसिमाखांग परियोजना कार्यालय और गासा छाचू में तैनात सेना के जवानों को भी सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
ग्लेशियर झील फटने की इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, रात में अंधेरा होने के कारण बाढ़ के पानी की वास्तविक मात्रा का आकलन नहीं किया जा सका है।
अलीपुरद्वार प्रशासन ने संकोष नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही कहा गया है कि नदी का जलस्तर बढ़ने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दें।
ग्राम पंचायतों और अधिकारियों को निगरानी के निर्देश
प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों और संबंधित अधिकारियों को मौजूदा स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अलीपुरद्वार के सांसद मनोज तिग्गा ने भी बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.