अग्निवीरों की सेवा अवधि 2 साल बढ़ी, अब 6 साल तक कर सकेंगे सशस्त्र बलों में सेवा

HIGHLIGHTS
- अग्निवीरों की निर्धारित चार साल की सेवा अवधि को दो साल बढ़ाने की घोषणा।
- नए फैसले के तहत अग्निवीरों को कुल छह साल तक सेवा का अवसर मिलेगा।
- 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा।
- बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि मिलेगी।
भारतीय सशस्त्र बलों में अग्निवीर के तौर पर सेवा दे रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के अनुसार, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद अग्निवीरों को चार साल के निर्धारित कार्यकाल के बजाय कुल छह साल तक सेवा करने का मौका मिलेगा।
अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी। उस समय अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार आकलन किए जाने की बात कही गई थी। अब पहले बैच के अग्निवीरों के चार साल पूरे होने वाले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, उनके प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक फीडबैक मिला है।
योजना के तहत 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा, जबकि बाकी 75 फीसदी को दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि मिलेगी। यह अवधि पूरी होने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा।
यह निर्णय ऐसे समय आया है, जब सेना के तीनों अंग नवंबर 2026 के मध्य से अग्निपथ योजना के पहले बैच के करीब 75 फीसदी अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवा से मुक्त करने की तैयारी कर रहे हैं।
दो साल की अतिरिक्त सेवा के दौरान मिलेगा ज्यादा पारितोषिक
सीडीएस ने बताया कि कैबिनेट ने अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि अब चयन का दायरा बढ़ा है और देश के सभी जिलों से युवा अग्निवीर के रूप में सेना में आ रहे हैं। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है और इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा ली जा रही है।
सीडीएस के मुताबिक, चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों ने शारीरिक फिटनेस, मनोबल और अनुशासन के मामले में उच्च स्तर का प्रदर्शन किया है। उनकी कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। इसके अलावा, 10वीं पास अग्निवीरों को आगे की पढ़ाई का अवसर दिया गया है।
प्राप्त फीडबैक और समीक्षा के आधार पर 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा देने का फैसला किया गया है। इस अवधि के दौरान उन्हें अधिक पारितोषिक और विस्तारित सेवा निधि मिलेगी। इसके साथ ही कैबिनेट ने सभी अग्निवीरों के लिए सशस्त्र बलों में नियमित रूप से शामिल होने का रास्ता भी खोल दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.