त्रिपुरा में BSF के तीन जवानों पर हमला, हथियार छीनने की कोशिश; CM ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

HIGHLIGHTS
- घटना सोमवार सुबह बॉक्सा नगर इलाके के अशाबारी में हुई।
- हमले के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
- घायल जवानों से हथियार छीनने का भी प्रयास किया गया।
अगरतला। त्रिपुरा के अशाबारी में सोमवार को कुछ उपद्रवियों ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के तीन जवानों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों पर डंडों से वार किया और एक वाहन में भी तोड़फोड़ की।
इस घटना पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सुरक्षाकर्मियों पर हुए हमले को गंभीर चिंता का विषय बताया।
BSF जवानों से हथियार छीनने का प्रयास
सोमवार सुबह त्रिपुरा के बॉक्सा नगर इलाके के अशाबारी में तस्करों के एक समूह ने BSF के तीन जवानों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने घायल जवानों से उनके हथियार छीनने की कोशिश भी की। इसके अलावा एक सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई।
मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना की निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मैं अशाबारी में हमारे बहादुर BSF जवानों पर उपद्रवियों के एक समूह द्वारा किए गए बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा की ऐसी घटनाएं पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इनकी जितनी निंदा की जाए, कम है। हमारे सुरक्षाकर्मियों पर कोई भी हमला गंभीर चिंता का विषय है और कानून के तहत उनसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।'
मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के संबंध में बताया, 'संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे दोषियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई करें और न्याय सुनिश्चित करें। हमारे सुरक्षाकर्मी सर्वोच्च सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.