पश्चिम एशिया में तनाव के बीच एअर इंडिया की सऊदी अरब उड़ानों पर 24 अक्टूबर तक रोक

HIGHLIGHTS
- जेद्दा, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली सभी उड़ान सेवाएं निलंबन से प्रभावित रहेंगी।
- 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी पात्र टिकटों पर एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क तारीख बदलने की सुविधा मिलेगी।
- यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा 10 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए लागू होगी।
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण बढ़ते तनाव के मद्देनजर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सभी उड़ानों का अस्थायी निलंबन 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है।
इस फैसले से जेद्दा, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली सभी उड़ान सेवाएं प्रभावित रहेंगी। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और क्षेत्र के मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
यात्रियों को सुविधा देने के लिए विमानन कंपनी ने ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की है। इसके अनुसार, जिन यात्रियों के टिकट 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए थे और जिनकी यात्रा 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित थी, वे बिना अतिरिक्त शुल्क के एक बार यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। यह सुविधा 10 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए उपलब्ध रहेगी।
खाड़ी क्षेत्र के दूसरे हवाई अड्डों से यात्रा का विकल्प
सऊदी अरब के निर्धारित गंतव्यों के अलावा यात्रियों को खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों के जरिए यात्रा की दोबारा बुकिंग कराने का विकल्प भी दिया गया है।
एअर इंडिया के यात्री रियाद, जेद्दा या दम्माम के बजाय दुबई या दोहा से यात्रा करने का विकल्प चुन सकते हैं।
वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से अपनी टिकट रीबुक करा सकते हैं।
हालांकि, वैकल्पिक शहर तक पहुंचने और वहां लागू वीजा नियमों को पूरा करने की जिम्मेदारी यात्रियों की ही होगी। जो यात्री अपनी यात्रा नहीं करना चाहते, वे टिकट रद्द कराकर पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।
उड़ानों का निलंबन बढ़ाने का फैसला 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद लिया गया। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
हूती विद्रोहियों की चेतावनी से बढ़ा तनाव
पश्चिम एशिया में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के सूचना मंत्री मोअम्मर अल-इरियानी ने हूती विद्रोहियों पर अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो मिसाइलें दागने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, ये मिसाइलें उस विमान के पास गिरीं, जो यमेनिया एयरलाइंस का था और काहिरा जाने की तैयारी कर रहा था।
इसके अलावा, हूती विद्रोहियों ने मक्का और मदीना के पवित्र शहरों को छोड़कर पूरे सऊदी हवाई क्षेत्र को असुरक्षित घोषित किया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों और विदेशी नागरिकों को सऊदी अरब के हवाई अड्डों का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी भी दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.