प्रयागराज में आठ वर्षीय बालिका से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग किशोर हिरासत में

HIGHLIGHTS
- आरोप है कि दोनों उसे निषादराज किले के अंदर ले गए और वारदात को अंजाम दिया।
- देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर बुआ ने बालिका की तलाश शुरू की।
- बालिका किले के अंदर बेहोशी की हालत में मिली और उसके शरीर पर चोटों के निशान थे।
प्रयागराज। नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित निषादराज किले में आठ साल की बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस घटना को अंजाम देने वाले दोनों किशोर नाबालिग हैं। गंभीर हालत में बालिका को इलाज के लिए डफरिन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के कई किशोरों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, फाफामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली करीब आठ वर्षीय बालिका नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी बुआ के घर आई हुई थी। शुक्रवार को वह रोजाना की तरह बकरी चराने के लिए निकली थी। शाम को बकरियां चराकर वापस लौटते समय गांव के दो किशोरों ने कथित तौर पर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों उसे निषादराज किले के अंदर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बालिका के बेहोश हो जाने पर दोनों किशोर मौके से फरार हो गए।
तलाश के दौरान किले में बेहोश मिली बालिका
देर शाम तक बालिका घर नहीं लौटी तो उसकी बुआ ने उसकी तलाश शुरू की। खोजते हुए वह निषादराज किले के अंदर पहुंची, जहां बालिका बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी वहां पहुंच गई।
होश में आने पर बालिका ने कथित आरोपियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने गांव में उन नामों के कई किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बालिका का उपचार डफरिन अस्पताल में जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.