अखिलेश यादव को देखने की होड़ में मची धक्का-मुक्की, शादी समारोह में कई लोगों की जेब कटी

HIGHLIGHTS
- राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के शादी समारोह में अखिलेश यादव पहुंचे थे।
- शनिवार दोपहर बहजोई स्थित रिसॉर्ट में अखिलेश यादव को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।
- पूर्व मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात की आपाधापी में धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी हुई।
राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के शादी समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पहुंचते ही उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का फायदा जेबकतरों ने उठाया। कई लोगों की जेब से नकदी और अन्य सामान गायब हो गए।
पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी की जेब से 27,500 रुपये चोरी हो गए। वहीं, दो मीडियाकर्मियों ने भी अपने जरूरी दस्तावेज और मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत की। समारोह में मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी मोबाइल और सामान चोरी होने की बात कही।
शनिवार दोपहर बहजोई स्थित एक रिसॉर्ट में शादी समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान अखिलेश यादव वहां पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद जब वह मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तब रिसॉर्ट परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई।
पूर्व मुख्यमंत्री को देखने और उनसे मिलने की होड़ में लोगों के बीच धक्का-मुक्की और आपाधापी मच गई। इसी दौरान कई लोगों को पता भी नहीं चला कि उनकी जेब कट चुकी है।
पूर्व मंत्री की दो जेबों से नकदी गायब
पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी ने बताया कि उनकी दो जेबों से नकदी गायब हुई है। एक जेब में 25 हजार रुपये थे, जबकि दूसरी में करीब ढाई हजार रुपये रखे हुए थे। भीड़ से बाहर आने के बाद जब उन्होंने अपनी जेबें देखीं तो रुपये गायब मिले।
पत्रकार सोनू वार्ष्णेय ने बताया कि उनके जरूरी कागजात गायब हो गए हैं। वहीं, अंकुर गोयल का मोबाइल फोन भी भीड़ के बीच गायब हो गया।
इसके अलावा कुछ अन्य लोगों ने भी अपने मोबाइल और सामान चोरी होने की शिकायत की। घटना के बाद शादी समारोह में शामिल हुए लोगों के बीच जेब कटने और सामान गायब होने की चर्चा होती रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.