लखनऊ में शादी से इनकार पर 12वीं की छात्रा पर एसिड अटैक, माता-पिता पर भी चाकू से हमला

HIGHLIGHTS
- राजधानी लखनऊ के उदयगंज इलाके में सुबह करीब 4 बजे वारदात हुई।
- शादी से इनकार करने पर 12वीं की छात्रा पर एसिड से हमला किए जाने का आरोप है।
- आरोपी छात्रा के रिश्तेदार का बेटा बताया जा रहा है।
लखनऊ। राजधानी में शादी से मना करने पर 12वीं कक्षा की छात्रा पर एसिड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस वारदात को छात्रा के रिश्तेदार के बेटे ने अंजाम दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने छात्रा के माता-पिता पर भी चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने खुद की नस भी काट ली।
यह घटना उदयगंज इलाके में सुबह करीब 4 बजे हुई। हमले में छात्रा और उसके माता-पिता घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि आरोपी पीड़ित परिवार के घर के नजदीक ही रहता है और दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारी भी है। वारदात के दौरान आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया, जिसके बाद उसे भी केजीएमयू में भर्ती कराया गया।
शोर सुनकर घरों से बाहर निकले पड़ोसी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक पड़ोसी के मुताबिक, छात्रा के पिता कारपेंटर का काम करते हैं, जबकि आरोपी कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम करता है। सुबह करीब 4 बजे सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक शोर सुनाई दिया। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर आ गए और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।
आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पड़ोसियों ने बताया कि घटना की जानकारी लोगों ने फोन के जरिए पुलिस को दी। वहीं, एक छोटे बच्चे ने बताया कि इस वारदात को चाचा ने अंजाम दिया है। मामले में युवती के चाचा ने आरोपी युवक के खिलाफ हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल छात्रा और उसके माता-पिता के साथ आरोपी का भी केजीएमयू में इलाज चल रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.