मिर्जापुर में राखड़ लदा हाइवा ऑटो पर पलटा, तीन लोगों की मौत और तीन गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र में शनिवार रात करीब नौ बजे भीषण सड़क हादसा हुआ।
- सिकिया तिराहे के पास राखड़ से लदा हाइवा ऑटो पर पलट गया।
- हाइवा सोनभद्र से राखड़ लेकर वाराणसी जा रहा था।
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। अदलहाट क्षेत्र के सिकिया तिराहे के पास सोनभद्र से राखड़ लादकर वाराणसी जा रहा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया। हादसा रात करीब नौ बजे हुआ।
इस दुर्घटना में ऑटो सवारों समेत छह लोग हाइवा के नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और बैकहो लोडर की सहायता से सभी को बाहर निकलवाया। हादसे में तीन अज्ञात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि ऑटो सवारियों को लेकर अदलहाट से वाराणसी की तरफ जा रहा था। चालक सिकिया तिराहे के मोड़ के पास ऑटो रोककर उसमें सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान सोनभद्र से राखड़ लेकर तेज रफ्तार में आ रहा हाइवा अनियंत्रित हो गया और सीधे ऑटो पर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हाइवा को सीधा करने के लिए पुलिस ने क्रेन और बैकहो लोडर मंगवाए। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दस किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।
घटनास्थल पर एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा, एसडीएम चुनार अनेग सिंह, सीओ चुनार गायत्री यादव और अदलहाट पुलिस मौजूद रही। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद खुला रास्ता
हादसे के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर एसडीएम चुनार अनेग सिंह, सीओ चुनार और तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और टेंपो को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने और सड़क से मलबा हटाने में काफी समय लगा।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहनों का आवागमन शुरू कराया जा सका। इस दौरान पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। जाम में फंसे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.