महिला आरक्षण पर PM मोदी का नया वीडियो जारी, बोले- नारी शक्ति के सपनों के लिए संकल्प पूरा करना होगा

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महिला आरक्षण से जुड़ा नया वीडियो साझा किया।
- उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की भागीदारी की लड़ाई दशकों से जारी है।
- पीएम मोदी ने भाजपा और एनडीए के महिला सशक्तिकरण के संकल्प को अडिग बताया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद सत्र से पहले रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला आरक्षण को लेकर एक नया वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से जारी है। वह भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का संकल्प अडिग है। उन्होंने कहा कि उनके लिए देशहित सबसे ऊपर है। लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दल का हित ही सब कुछ बन जाता है और वह देशहित से बड़ा हो जाता है, तो इसका खामियाजा नारी शक्ति और देशहित को भुगतना पड़ता है।
मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। हमारा आत्मबल अजेय है। आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना जरूरी है।
एक दिन पहले भी साझा किया था वीडियो
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को भी एक वीडियो जारी किया था। उसमें उन्होंने कहा था कि देश की 'नारी शक्ति' से एक वादा किया गया है और सरकार उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा था, 'महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की 'नारी शक्ति' को संसद और विधानसभाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी।' यह बस समय की बात है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि सरकार का संकल्प मजबूत है और उसे देशभर की महिलाओं का समर्थन प्राप्त है।
संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर तैयारी
बता दें कि संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी है। इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को मंजूरी दी थी।
प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.