लुधियाना में ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर, चालक समेत तीन लोगों की मौत; चार घायल

HIGHLIGHTS
- हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
- चार अन्य सवारियां गंभीर रूप से घायल हुईं।
- मृतकों में 46 वर्षीय ऑटो चालक जसवीर सिंह और करीब 55 वर्षीय सुरिंदर कौर शामिल हैं।
लुधियाना के बाहरी क्षेत्र में हंबड़ा-मुल्लांपुर मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने एक सवारी ऑटो को टक्कर मार दी। थाना लाडोवाल क्षेत्र में पंप के पास हुए इस भीषण हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं।
टक्कर के बाद ऑटो में फंसे यात्री, राहगीरों ने किया रेस्क्यू
हादसा रविवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। बताया गया कि 7 से 8 सवारियों से भरा ऑटो हंबड़ा से मुल्लांपुर की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
टक्कर की आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला।
दो मृतकों की पहचान, तीसरे की शिनाख्त जारी
थाना लाडोवाल के एसएचओ हरदीप सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक और घायल सभी ऑटो में ही सवार थे। मृतकों में 46 वर्षीय ऑटो चालक जसवीर सिंह और करीब 55 वर्षीय महिला सुरिंदर कौर की पहचान हो गई है। तीसरे मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे में घायल 3 से 4 लोगों को तत्काल इलाज के लिए हंबड़ा स्थित पाहवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
परिवार का सहारा था ऑटो चालक जसवीर सिंह
मृतक ऑटो चालक जसवीर सिंह के चचेरे भाई जगरूप सिंह ने बताया कि जसवीर शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह तिपहिया टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
जगरूप सिंह के मुताबिक, सुबह बच्चों का फोन आया और उन्होंने चाचा के एक्सीडेंट की जानकारी दी। शुरुआत में हादसे की जगह जेके होटल के पास बताई गई, लेकिन बाद में घटनास्थल पंप के नजदीक होने का पता चला। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां केवल ट्रक खड़ा था और सब कुछ खत्म हो चुका था।
ट्रक जब्त, फरार चालक की तलाश में छापेमारी
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो ट्रक चालक अपना वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
एसएचओ हरदीप सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। फरार ट्रक चालक को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.