अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, उधमपुर में कार पलटी; 5 श्रद्धालु घायल

HIGHLIGHTS
- उधमपुर के तोल्डी नाला इलाके में अमरनाथ यात्रा काफिले की अर्टिगा कार पलटने से मध्य प्रदेश के पांच श्रद्धालु घायल हो गए।
- हादसे में एक महिला श्रद्धालु की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए GMC जम्मू रेफर किया गया, जबकि चार अन्य का इलाज उधमपुर में जारी है।
- पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया, वहीं प्रशासन ने घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शुक्रवार सुबह अमरनाथ यात्रा के दौरान एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तोल्डी नाला इलाके में पहलगाम मार्ग से जा रहे यात्रा काफिले में शामिल अर्टिगा कार के पलटने से पांच श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले श्रद्धालु अर्टिगा कार (MP12 ZB 2836) से अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब सवा छह बजे जब वाहन तोल्डी नाला क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी चालक का कार से नियंत्रण हट गया। इसके बाद वाहन सड़क से फिसलकर नाले में चला गया और पलट गया।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत शुरू किया राहत अभियान
हादसे के बाद यात्रा काफिले में तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक विभाग और राहत-बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
महिला श्रद्धालु की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल श्रद्धालुओं की पहचान रीवा जिले के बैकुंठपुर निवासी सीमा गुप्ता, सुभाष गुप्ता, राजीव गुप्ता, गीता गुप्ता और दलीप कुमार के रूप में हुई है।
गंभीर रूप से घायल सीमा गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए GMC जम्मू रेफर किया गया है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज उधमपुर में जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा और डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज शिव कुमार शर्मा ने GMC उधमपुर पहुंचकर घायलों के इलाज और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी हादसे पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिला प्रशासन से संपर्क किया और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत और उपचार व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.