अमेरिका में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, एक साल से पीछा कर रहा था आरोपी

HIGHLIGHTS
- घटना से करीब एक घंटे पहले शालीनी ने अपनी मां से फोन पर बात की थी।
- आरोपी पर शालीनी की कार में एयरटैग छिपाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का आरोप है।
- अदालत से रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर मिलने के बाद भी आरोपी पर उसका उल्लंघन करने का आरोप लगा था।
वॉशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की 38 वर्षीय महिला शालीनी ठाकुर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सैक्रामेंटो शहर के आर्डन-आर्केड इलाके की है। आरोपी पर पिछले करीब एक साल से महिला को परेशान करने का आरोप था। उसके खिलाफ रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर भी लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे शालीनी एक रेस्तरां के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान 22 वर्षीय युवक रोहित वहां पहुंचा और उसने शालीनी पर गोलियां चला दीं।
जान बचाने के लिए भागीं शालीनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलने के बाद शालीनी ने अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की। आरोप है कि रोहित ने भीड़ के सामने उनका पीछा किया और कई गोलियां चलाईं। शालीनी के जमीन पर गिरने के बाद आरोपी ने पास जाकर उनके सिर में भी गोली मार दी।
मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने शालीनी को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद रोहित अपनी कार से वहां से फरार हो गया। पुलिस और शेरिफ विभाग ने उसकी तलाश शुरू की और हाईवे 50 पर उसकी कार को घेर लिया।
कार की ड्राइवर सीट पर मृत मिला आरोपी
पुलिस के साथ आमना-सामना होने के बाद आरोपी ने हाईवे पर ही अपनी कार रोक दी। कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल ने हाईवे की सभी ईस्टबाउंड लेन बंद कर दीं। पुलिस ने बख्तरबंद वाहन की मदद से कार को घेरा, उसकी खिड़की तोड़ी और ड्रोन के जरिए अंदर की जांच की।
जांच के दौरान आरोपी कार की ड्राइवर सीट पर मृत मिला। पुलिस के अनुसार, उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस की ओर से कोई जवाबी फायरिंग नहीं की गई थी।
करीब एक साल से पीछा करने का आरोप
शालीनी की मां सुदेश कुमारी ने बताया कि रोहित पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। मां के अनुसार, रोहित शालीनी से शादी करना चाहता था, लेकिन उम्र के अंतर और अन्य कारणों से शालीनी ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
सुदेश कुमारी ने बताया कि उनकी बेटी रोहित से बहुत डरती थी। घटना से करीब एक घंटे पहले मां और बेटी की फोन पर बातचीत हुई थी। शालीनी ने कहा था कि वह 15 मिनट बाद दोबारा फोन करेंगी, लेकिन इसके बाद उनका कॉल नहीं आया। मां ने कई बार फोन करने के साथ व्हाट्सएप मैसेज भी भेजे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
ऐसे शुरू हुआ था उत्पीड़न
कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, शालीनी को परेशान करने का सिलसिला सितंबर 2025 के आसपास शुरू हुआ था और समय के साथ यह और गंभीर होता गया।
बताया गया है कि शालीनी और रोहित की पहचान कथित तौर पर उनके कार्यस्थल पर डोरडैश पिकअप के दौरान हुई थी। आरोप है कि रोहित ने शालीनी की कार के नीचे एप्पल एयरटैग छिपा दिया था, जिससे वह उनकी गतिविधियों पर नजर रख सके।
आरोप है कि रोहित कई घंटे शालीनी के घर के बाहर इंतजार करता था। वह उनकी कार के टायर की हवा निकाल देता था और उन पर शादी करने का दबाव बनाता था।
एक अन्य घटना में आरोपी पर शालीनी के फ्लैट की चाबी की डुप्लीकेट कॉपी बनवाने और उनके सोते समय घर में घुसने का भी आरोप है।
रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर के बाद भी नहीं रुका आरोपी
लगातार हो रही इन घटनाओं से परेशान होकर शालीनी ने अदालत से रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर लिया था। यह आदेश 19 मई को आरोपी को भी सौंप दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी पर आदेश का उल्लंघन करने का आरोप है।
बताया गया है कि जुलाई के अंत में रोहित ने शालीनी के घर के बाहर किराने का सामान लाकर रख दिया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.