लुधियाना में मशहूर 'पंडित कुलचे-छोले वाले' के बेटे की गोली मारकर हत्या

HIGHLIGHTS
- राहुल शर्मा को करीब से दो गोलियां मारी गईं, जो उसकी छाती और पीठ पर लगीं।
- दोस्तों ने राहुल के साले को फोन कर गोली लगने और डीएमसी अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी।
- डॉक्टरों के मुताबिक, राहुल ने रात 11:55 बजे दम तोड़ दिया था।
लुधियाना में बुधवार देर रात मशहूर ‘पंडित कुलचे-छोले वाले’ के बेटे राहुल शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय राहुल अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। आरोपियों ने उसे नजदीक से दो गोलियां मारीं, जो उसकी छाती और पीठ में लगीं। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक, राहुल बुधवार रात जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार को इस घटना की सूचना आधी रात के आसपास मिली। राहुल के कुछ दोस्तों ने उसके साले को फोन करके बताया कि राहुल को गोली लगी है और उसे दयानंद मेडिकल कॉलेज (डीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बताया कि उसने रात 11:55 बजे दम तोड़ दिया था। राहुल की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। उसकी शादी महज तीन साल पहले हुई थी। परिवार में उसकी पत्नी, माता-पिता और एक शादीशुदा बहन हैं।
पार्टी में विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल की स्कॉर्पियो फुल्लांवाल चौक से जे ब्लॉक मॉल की ओर जाने वाली सड़क पर थी। परिजनों को आशंका है कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। इसके बाद रंजिश या गुस्से में राहुल पर गोली चलाई गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पार्टी में क्या हुआ था और राहुल का किन लोगों के साथ विवाद हुआ था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए आरोपियों के चेहरे और उनकी गाड़ी से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.