आंध्र प्रदेश: 12 घंटे की सर्जरी के बाद खतरे से बाहर आई स्कूल छात्रा, ICU में डॉक्टरों की निगरानी जारी

HIGHLIGHTS
- मणिपाल अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम ने की जटिल सर्जरी।
- छात्रा को ICU में रखकर 24 घंटे निगरानी कर रहे डॉक्टर।
- रिकवरी के लिए अगले 48 घंटे बताए गए बेहद महत्वपूर्ण।
तिरुपति। बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम ने करीब 12 घंटे तक चली जटिल ऑर्थोपेडिक और प्लास्टिक सर्जरी के बाद 10वीं कक्षा की छात्रा की हालत स्थिर कर दी है। अब वह खतरे से बाहर है। गौरतलब है कि शनिवार को अनंतपुर जिले के राप्टाडु स्थित जिला परिषद सरकारी स्कूल में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने क्लासरूम के भीतर नाबालिग छात्रा पर आरी से हमला कर दिया था। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से छात्रा की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि छात्रा को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम चौबीसों घंटे उसकी निगरानी करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रा के स्वस्थ होने के लिहाज से अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं।
पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है सरकार: नारा लोकेश
मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि राज्य सरकार पीड़िता और उसके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है और फिलहाल उसका पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। मंत्री ने कहा कि छात्रा पर हमला करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बच्चों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता: मंत्री
HRD मंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर जल्द ही एक मजबूत सुरक्षा तंत्र तैयार करने की योजना बना रही है।
उन्होंने बताया कि घटना को अपनी आंखों के सामने देखने वाले स्कूल के छात्र गहरे सदमे में हैं। बच्चों को इस मानसिक सदमे से उबारने के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है। यह प्रक्रिया अगले एक साल तक जारी रहेगी और इसमें शिक्षकों तथा अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा।
आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे परिजन और स्थानीय लोग
दूसरी ओर, छात्रा के परिवार और राप्टाडु के नजदीक स्थित अय्यावरी पल्ले के स्थानीय लोगों ने पुलिस और सरकार से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उनकी मांग है कि आरोपी हेमंत को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
कुछ परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से यह भी मांग की है कि पीड़ित छात्रा और उसकी सहेली लक्ष्मी समेत दो मासूम नाबालिग बच्चियों पर हुए बर्बर हमले के लिए जिम्मेदार आरोपी का एनकाउंटर किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.