अयोध्या से दिल्ली जाने वालों को राहत, 1 सितंबर से फिर शुरू होगी सुबह की सीधी फ्लाइट

HIGHLIGHTS
- एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शेड्यूल में बदलाव की तैयारी की
- पहले शाम 4:20 बजे रवाना होती थी फ्लाइट
- वर्तमान में दिल्ली के लिए तीन उड़ानें संचालित
अयोध्या। रामनगरी से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें एक बार फिर सुबह दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। इसका संचालन एक सितंबर से शुरू होगा। दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट अब शाम 4:20 बजे के बजाय सुबह 9 बजे रवाना होगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस अपने शेड्यूल में बदलाव करने की तैयारी कर रही है। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सुबह के समय भी सीधी उड़ान की सुविधा मिल सकेगी। इससे पहले अयोध्या से सुबह दिल्ली के लिए जाने वाली फ्लाइट का संचालन बंद कर दिया गया था।
इसके बाद तीन फ्लाइटों का संचालन होता रहा, लेकिन ये दोपहर और शाम के समय रवाना होती थीं। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से ठीक पहले 30 दिसंबर 2023 को अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का शुभारंभ हुआ था। उस समय यहां से रोजाना करीब एक दर्जन उड़ानों का संचालन होता था। इनमें अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और पुणे समेत अन्य शहरों के लिए इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और आकासा एयर सहित कई एयरलाइंस की फ्लाइटें शामिल थीं।
तीन फ्लाइट हो रहीं संचालित
उस समय दिल्ली के लिए सुबह हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध थी। हालांकि, कुछ समय बाद सुबह की फ्लाइट बंद कर दी गई। वर्तमान में रामनगरी के एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए तीन फ्लाइटें संचालित हो रही हैं। इनमें सुबह के समय एक भी फ्लाइट नहीं है। इन तीन उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस के अलावा इंडिगो और आकासा की एक-एक फ्लाइट शामिल है।
आकासा एयर की फ्लाइट दोपहर 12 बजे और इंडिगो की फ्लाइट शाम 4:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है। वहीं, इंडिगो की चार, आकासा, एलायंस एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस समेत कुल सात फ्लाइटें अलग-अलग शहरों के लिए संचालित हो रही हैं।
दिल्ली के अलावा ये फ्लाइटें अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई और हिसार के लिए भी सेवाएं दे रही हैं। एयरपोर्ट के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शीतकालीन समय सारिणी के अनुसार 30 अक्टूबर से फ्लाइटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसमें रामनगरी से मुंबई के लिए एक और फ्लाइट की सुविधा मिल सकेगी। फिलहाल मुंबई के लिए केवल एक फ्लाइट संचालित हो रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.