शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर अड़ा बांग्लादेश, तारिक रहमान की भारत यात्रा पर मंडराया संकट
By Hitesh — August 16, 2026

HIGHLIGHTS
- बांग्लादेश ने पीएम तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा को प्रत्यर्पण के मुद्दे से जोड़ा है।
- ढाका के अनुसार, भारत से शेख हसीना और अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की मांग की गई है।
- बांग्लादेश हादी की हत्या के आरोपियों को सौंपने की मांग भी कर रहा है।
Author: — Dainik Dehat
बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा को एक बार फिर शेख हसीना और अन्य फरार अपराधियों के प्रत्यर्पण से जोड़ दिया है। इससे अगले महीने होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम रहमान की भारत यात्रा की संभावना कम होती नजर आ रही है।
बांग्लादेश विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि दोनों देशों के अधिकारी कई हफ्तों से प्रधानमंत्री तारिक रहमान की द्विपक्षीय यात्रा की संभावना पर बातचीत कर रहे थे। हालांकि, 5 अगस्त को शेख हसीना की खुली प्रेस कांफ्रेंस के बाद यह प्रक्रिया प्रभावित हुई।
प्रवक्ता ने कहा, “हमने इस मुद्दे पर अपना रुख साफ कर दिया है। यात्रा के लिए अनुकूल माहौल बनाने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से हमने भारतीय अधिकारियों से शेख हसीना और अन्य फरार अपराधियों के प्रत्यर्पण तथा हादी की हत्या के आरोपी हत्यारों को सौंपने का अनुरोध किया है। हम जवाब का इंतजार कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि रहमान सरकार ‘बांग्लादेश फर्स्ट’ नीति के तहत संप्रभुता, समानता, राष्ट्रीय गरिमा, एक-दूसरे के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और आपसी लाभ के आधार पर पड़ोसी देशों समेत अन्य देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाएगी।
गौरतलब है कि भारत ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को ब्रिक्स सम्मेलन में अतिरिक्त सहयोगी देश के प्रमुख के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
लेकिन ढाका में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश सरकार की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री रहमान सम्मेलन में शामिल होने के बजाय अलग से द्विपक्षीय यात्रा करना चाहते हैं। हालांकि, उनकी सरकार इस यात्रा को शेख हसीना के प्रत्यर्पण से जोड़ रही है।
शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश के एक ट्रिब्यूनल ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराया है।
इसी बीच, 5 अगस्त 2026 को शेख हसीना ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि वह दिसंबर 2026 में ढाका लौटेंगी और बांग्लादेश में लोकतंत्र की रक्षा करेंगी। पूर्व प्रधानमंत्री हसीना ने रहमान सरकार और इससे पहले की अंतरिम सरकार में प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस पर कई आरोप लगाए थे। बांग्लादेश का कहना है कि शेख हसीना के बयानों से प्रधानमंत्री रहमान की भारत यात्रा की प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
दरअसल, प्रधानमंत्री तारिक रहमान पहले ही चीन की यात्रा कर चुके हैं और वहां कई समझौते भी किए हैं। इनमें से कई समझौतों को लेकर भारत बहुत खुश नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.