रायपुर: इंद्रावती नदी की बाढ़ में फंसे 12 लोगों को वायु सेना ने बचाया, तीन बच्चे भी शामिल

HIGHLIGHTS
- बचाव अभियान के लिए जगदलपुर से हेलीकॉप्टर रवाना किया गया।
- डोंगाघाट गांव में कच्ची झोपड़ी की छत पर फंसे मिले लोग।
- गरुड़ कमांडो को हेलीकॉप्टर से छत पर उतारा गया।
रायपुर। इंद्रावती नदी में आई बाढ़ के बीच फंसे 12 लोगों को भारतीय वायु सेना की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें तीन बच्चे और दो महिलाएं भी शामिल थीं। बाढ़ के कारण सभी लोग रातभर फंसे रहे।
बचाव के लिए कॉल मिलने के बाद अभियान जगदलपुर से संचालित किया गया। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का मौका नहीं मिल सका और वे बाढ़ में फंस गए। इसके बाद वायु सेना ने एमआई-17वी5 (Mi-17V5) हेलीकॉप्टर की मदद से सभी 12 लोगों को बचाया।
पहले भी बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं गांव
इससे पहले सितंबर में आई बाढ़ के कारण गांव डूब गए थे। इस बार प्रशासन सतर्क है और प्रभावित इलाके में राहत एवं बचाव कार्य चला रहा है।
जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर अभिजीत साहू ने बताया कि बाढ़ के कारण हर घंटे जलस्तर बढ़ रहा है। इस स्थिति के बीच लोगों को इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पानी में भीगने की वजह से बच्चों को सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत हो गई है।
वहीं, राहत और बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों ने बताया कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में लगा हुआ है।
गरुड़ कमांडो ने इस तरह चलाया बचाव अभियान
बचाव अभियान में शामिल सेना के अधिकारियों के मुताबिक, डोंगाघाट गांव में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। मौके पर पहुंचे सेना के जवानों ने कच्ची झोपड़ी की छत पर कुछ लोगों को देखा।
इसके बाद गरुड़ कमांडो को छत पर उतारा गया और लोगों को हेलीकॉप्टर में ऊपर खींचकर बैठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पानी का स्तर लगातार बढ़ने से मकान गिरने का खतरा था, लेकिन किसी तरह सभी लोगों को सुरक्षित बचाने में सफलता मिली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.