बंगाल: सिलीगुड़ी कोर्ट में TMC नेता काजल घोष पर अंडे फेंके, लगे ‘चोर-चोर’ के नारे

HIGHLIGHTS
- कोर्ट परिसर में काजल घोष के समर्थकों की भीड़ जमा हुई।
- पेशी के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
- काजल घोष ने जमीन से जुड़े मामले में खुद को साजिश का शिकार बताया।
सिलीगुड़ी। जमीन से जुड़े मामले में गिरफ्तार तृणमूल के कद्दावर नेता काजल घोष को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा कोर्ट में पेश किया गया। शनिवार रात फांसीदेवा थाना पुलिस ने बिधाननगर इलाके से तृणमूल नेता को गिरफ्तार किया था।
काजल घोष की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोग काफी उत्साहित नजर आए। रविवार सुबह भी लोगों ने बम-पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की।
कोर्ट में काजल घोष की पेशी के दौरान लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और उन पर अंडे भी फेंके।
पेशी के दौरान तृणमूल नेता ने खुद को साजिश का शिकार बताया। काजल घोष ने दावा किया कि वर्ष 1993 से उक्त जमीन पर चाय फैक्ट्री थी, जिसके मालिक कोलकाता के रहने वाले थे।
2005 में तीन पार्टनरों ने लीज पर ली थी जमीन
वर्ष 2005 में तीन पार्टनरों ने मिलकर इस जमीन को लीज पर लिया था। इसके बाद अचानक एक महिला ने जमीन पर अपना दावा पेश कर दिया। महिला का कहना है कि पिछले 7 वर्षों से जमीन का लीज और पट्टा उसके पास है। काजल घोष के मुताबिक, इन परिस्थितियों से साफ है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
जानकारी के अनुसार, फांसीदेवा थाना में कल्याणी गोस्वामी ने तृणमूल नेता काजल घोष के खिलाफ बिधाननगर इलाके में स्थित जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने काजल घोष को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेशी के दौरान उनके समर्थकों की भीड़ भी जमा हो गई थी। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.