भजनलाल शर्मा और हेमांग जोशी की मुलाकात, युवाओं की भूमिका को लेकर हुआ मंथन

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भाजयुमो पदाधिकारियों ने मुलाकात की।
- बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
- सीएम ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संगठन की गतिविधियों और युवाओं से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर पदाधिकारियों के साथ विस्तार से बातचीत की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, क्षमता, नवाचार और सकारात्मक सोच के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि युवा मोर्चा के पदाधिकारी युवाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
युवाओं की समस्याओं और आकांक्षाओं को समझने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा मोर्चा के पदाधिकारी संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए युवाओं से लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखें। उनकी आकांक्षाओं, जरूरतों और समस्याओं को समझते हुए समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना भी जरूरी है।
सरकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाएं
सीएम शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य, रोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही हैं। युवा मोर्चा के पदाधिकारी सरकार की विकासपरक पहलों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। इसके साथ ही पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें रोजगार व स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों के बारे में जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से काम करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को पूरी सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति देता है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और सक्रिय जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी, प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा और सहकोषाध्यक्ष देवव्रत सिंह चन्दलाई मौजूद रहे। इनके अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यगण, सहकोषाध्यक्ष, प्रदेश संयोजक, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री और प्रदेश प्रवक्ता भी बैठक में शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.