कोटा के गांव में पीलिया का खतरा, 70 लोगों में मिले लक्षण; 19 बच्चे भी शामिल

HIGHLIGHTS
- राजस्थान के कोटा जिले के गिरधरपुरा गांव में पीलिया फैलने की आशंका।
- गांव में करीब 70 लोगों में पीलिया के लक्षण सामने आए।
- प्रभावित लोगों में 19 बच्चे भी शामिल हैं।
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले के गिरधरपुरा गांव में दूषित पानी पीने से पीलिया फैलने की आशंका ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव में अब तक करीब 70 लोगों में पीलिया के लक्षण सामने आए हैं। इनमें 19 बच्चे भी शामिल हैं। लगातार मरीज मिलने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। वहीं, प्रशासन ने भी गांव में एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बोरिंग और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की सरकारी नल लाइन के जरिए घरों तक पहुंचने वाला पानी दूषित हो सकता है। हालांकि, पानी के दूषित होने की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल बच्चों की सेहत को लेकर सबसे ज्यादा चिंता बनी हुई है।
डिप्टी सीएमएचओ घनश्याम मीणा ने संक्रमण की चपेट में आए 19 बच्चों की पुष्टि की है। करीब 10 दिन पहले इन बच्चों को इलाज के लिए जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चों में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद गांव में बीमारी को लेकर डर का माहौल है।
घर-घर पहुंचकर बांटी जा रहीं क्लोरीन की गोलियां
स्थिति को देखते हुए चिकित्सा विभाग की टीमों ने गांव में घर-घर जाकर लोगों को क्लोरीन की गोलियां वितरित की हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लोरीन टैबलेट के इस्तेमाल की प्रक्रिया भी समझाई गई है। ग्रामीणों को बताया गया है कि 20 लीटर पानी में एक क्लोरीन टैबलेट डालकर करीब दो घंटे बाद ही उसका इस्तेमाल करें।
दूषित पानी की वजह तलाशने में जुटा प्रशासन
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी नल लाइन के जरिए दूषित पानी लोगों के घरों तक कैसे पहुंचा। क्या पाइपलाइन में कहीं लीकेज है या फिर बोरिंग के पानी में ही संक्रमण मौजूद है? बीमारी के मामले सामने आने के बाद इन कारणों का पता लगाना जरूरी हो गया है। फिलहाल गिरधरपुरा के ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.