भिवंडी इमारत हादसा: मलबे से निकाले गए 9 शव; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

HIGHLIGHTS
- हादसे से पहले इमारत को खतरनाक घोषित किया जा चुका था और उसमें मरम्मत का कार्य चल रहा था।
- एनडीआरएफ, दमकल और अन्य बचाव दल मौके पर राहत एवं रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं।
मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में एक बड़ा हादसा सामने आया है। नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड में चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम की टीम और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
जर्जर घोषित थी इमारत, ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था काम
भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौगुले ने बताया कि हादसा नारपोली के भंडारी कंपाउंड स्थित कोहिनूर इमारत में हुआ है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से इस इमारत को पहले ही सी-कैटेगरी में रखा गया था, यानी इसे बेहद खतरनाक और जर्जर घोषित किया गया था। इसके बाद इमारत को खाली करा लिया गया था।
हालांकि, इमारत खाली होने के बावजूद उसके ग्राउंड फ्लोर पर कुछ मजदूर काम कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में कुछ मजदूर अभी भी फंसे हो सकते हैं।
NDRF ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला
राहत और बचाव अभियान के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एनडीआरएफ के अनुसार, शुक्रवार को भी बचाव कार्य जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि मलबे के नीचे तीन से चार और लोगों के दबे होने की आशंका है।
कलेक्टर अधिकारी कृष्णा पांचाल भी बचाव कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन के भी मौके पर पहुंचने की संभावना जताई गई।
एनडीआरएफ, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, स्थानीय फायर ब्रिगेड, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें विशेष उपकरणों की मदद से खोज और बचाव अभियान चला रही हैं।
हादसे से पहले सुनी गई थीं चटकने की आवाजें
ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के मुताबिक, भिवंडी-निजामपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने इस इमारत को पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया था।
बताया गया कि इमारत गिरने के समय कथित तौर पर उसमें मरम्मत का काम चल रहा था। हादसे से कुछ घंटे पहले स्थानीय लोगों ने इमारत से चटकने जैसी आवाजें सुनी थीं, जिसके बाद कई परिवारों को बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि, कुछ लोग अंदर ही रह गए और इमारत गिरने के बाद मलबे में फंस गए।
बचाव अभियान के दौरान एनडीआरएफ के एक असिस्टेंट कमांडेंट के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। बचाव कार्य पूरा होने के बाद मामले की आगे जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने जताया दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भिवंडी इमारत हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने घटना में 9 लोगों की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत एफआईआर दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भिवंडी में इमारत गिरने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
फडणवीस ने कहा कि नगर आयुक्त को मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री का यह बयान उस समय आया है जब नारपोली के गंगाराम वाडी में देर रात कोहिनूर बिल्डिंग के मलबे से 9 शव निकाले गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.