तुर्किये के स्टील प्लांट में भीषण धमाका, 16 लोगों की मौत; 13 घायल

HIGHLIGHTS
- तुर्किये के इजमिर प्रांत के अलियागा स्थित हाबास स्टील प्लांट में हुआ विस्फोट।
- हादसे में 16 लोगों की मौत, जबकि 13 अन्य घायल हुए।
- घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तुर्किये के पश्चिमी इलाके में सोमवार को एक स्टील प्लांट में हुए जोरदार विस्फोट में 16 लोगों की जान चली गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर है। विस्फोट के बाद प्लांट में आग भड़क उठी और आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। यह हादसा इजमिर प्रांत के अलियागा स्थित हाबास (एचएबीएएस) आयरन एंड स्टील प्लांट में हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोगों को भूकंप आने जैसा एहसास हुआ। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
स्टील प्लांट में विस्फोट की वजह क्या थी?
इजमिर प्रांत के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने हादसे के संभावित कारणों के बारे में जानकारी दी। उनके अनुसार, प्लांट में बॉयलर बदलने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान एक क्रेन भट्ठी में जा गिरी, जिसके बाद पास की स्टील मिल में जोरदार विस्फोट हुआ।
गवर्नर ने बताया कि बॉयलर बदलने के काम के चलते उत्पादन पहले ही रोक दिया गया था। इस वजह से हादसे के समय प्लांट में आम दिनों के मुकाबले कम कर्मचारी मौजूद थे। सामान्य तौर पर वहां करीब 300 कर्मचारी रहते हैं, जबकि घटना के समय लगभग 200 कर्मचारी ही मौजूद थे। गवर्नर कार्यालय के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे विस्फोट हुआ। इसके बाद प्लांट में आग फैल गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
धमाके के बाद प्लांट में मची अफरातफरी
तुर्किये के समाचार चैनल एनटीवी ने विस्फोट के तुरंत बाद के दृश्य प्रसारित किए। तस्वीरों में प्लांट के भीतर आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार नजर आया। वहां मौजूद लोगों ने धमाके को बेहद शक्तिशाली बताया।
सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु से बातचीत में प्रत्यक्षदर्शी नूरी अली उल्कर ने बताया कि विस्फोट के झटके से जमीन हिल गई थी। वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी डेनिज उल्कर ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ, मानो पैरों के नीचे से जमीन खिसक रही हो। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें भूकंप आने का अंदेशा हुआ था। धमाके के बाद घटनास्थल पर लोगों के बीच अफरातफरी फैल गई।
राष्ट्रपति एर्दोआन ने हादसे पर क्या कहा?
तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन ने कैबिनेट की निर्धारित बैठक के बाद टेलीविजन पर संबोधन के दौरान हादसे का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विस्फोट में 16 लोगों की मौत हुई है और 13 अन्य घायल हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
राष्ट्रपति ने कहा कि घटना की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने इस हादसे को पूरे देश के लिए दुखद बताते हुए कहा कि इसकी वजह और उससे जुड़ी परिस्थितियों की गहराई से पड़ताल की जाएगी। साथ ही, यह भी पता लगाया जाएगा कि घटना में किसी की लापरवाही रही है या किसी की कोई जिम्मेदारी बनती है।
बचाव कार्य के साथ हादसे की जांच भी शुरू
हादसे के बाद गृह मंत्री मुस्तफा चिफ्तची ने बताया कि आपातकालीन टीमें आग बुझाने और प्रभावित लोगों की तलाश में लगी हुई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
न्याय मंत्री अकिन गुरलेक के मुताबिक, मामले की जांच के लिए चार सरकारी अभियोजकों को नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, निजी समाचार एजेंसी डेमिरोरेन की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट के मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है और क्या इसमें किसी स्तर पर लापरवाही हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
1987 में स्थापित हुआ था हाबास स्टील प्लांट
हादसे का शिकार हुआ हाबास स्टील प्लांट वर्ष 1987 में स्थापित किया गया था। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इसकी सालाना स्टील उत्पादन क्षमता 45 लाख टन है। यह प्लांट इजमिर प्रांत के अलियागा इलाके में स्थित है।
अलियागा बड़े बंदरगाह और पुराने जहाजों को तोड़ने के कारोबार के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस क्षेत्र में जहाज तोड़ने की गतिविधियों को लेकर पर्यावरणीय नुकसान की चिंताएं भी जताई जाती रही हैं। आलोचकों का आरोप है कि इस उद्योग से पर्यावरण को काफी क्षति पहुंची है। इसी वजह से यहां मौजूद जहाज तोड़ने वाले केंद्र को यूरोपीय संघ की जहाज पुनर्चक्रण सुविधाओं की सूची से बाहर करने की मांग भी उठती रही है।
जलवायु सम्मेलन के दौरान औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल
तुर्किये में यह हादसा ऐसे वक्त हुआ है, जब भूमध्य सागर के तट पर बसे अंताल्या में विश्व के नेता और पर्यावरण कार्यकर्ता जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपायों पर चर्चा के लिए एकत्र हुए हैं। ऐसे समय में देश के एक बड़े स्टील प्लांट में हुए विस्फोट ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन का ध्यान घायलों के इलाज और हादसे की वजह का पता लगाने पर है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि क्रेन भट्ठी में किन परिस्थितियों में गिरी और क्या इस घटना के पीछे सुरक्षा नियमों के पालन में कोई चूक हुई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.