UCC पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बड़ा बयान, बोले- दो शादी करने वालों को जाना पड़ेगा जेल

HIGHLIGHTS
- भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में UCC को लेकर बयान दिया।
- उन्होंने कहा कि देश में चार पत्नियां और 25 बच्चों वाला चलन अब खत्म होने जा रहा है।
- रामेश्वर शर्मा के मुताबिक, कानून सभी नागरिकों के लिए एक समान होगा।
खंडवा। समान नागरिक संहिता (UCC), विवाह व्यवस्था और परिवार में बच्चों की संख्या को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खंडवा में आयोजित एक कार्यक्रम में तीखी टिप्पणी की। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक शर्मा ने कहा कि देश में चार पत्नियां और 25 बच्चों वाली व्यवस्था अब समाप्त होने वाली है। उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए एक समान होगा और दो शादियां करने वालों को जेल जाना पड़ेगा।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विवाह व्यवस्था में समानता की बात रखी। अपने अंदाज में कहा कि अब रामेश्वर भी एक शादी करेगा और अब्दुल्ला भी एक ही शादी करेगा। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता को मंजूरी मिल चुकी है और सरकार इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
बाबासाहब आंबेडकर का जिक्र कर सभी के लिए समान कानून की बात
रामेश्वर शर्मा ने अपनी बात को संविधान और समानता के सिद्धांत से जोड़ते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए कानून एक जैसा होना चाहिए। चाहे विवाह से जुड़े नियम हों या परिवार से संबंधित अन्य प्रावधान, किसी के लिए अलग व्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी समान कानून की अवधारणा के समर्थन में मजबूती से खड़ी है। उनके अनुसार, समाज में एकरूपता और समान नियम लागू होने से देश को एकजुट करने की दिशा में बड़ा बदलाव आएगा।
अनुच्छेद 370 हटाने से राम मंदिर तक गिनाईं उपलब्धियां
अपने संबोधन में भाजपा विधायक ने केंद्र सरकार के फैसलों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने, वंदे मातरम् और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को प्रमुखता से गिनाया।
देश की सैन्य ताकत और नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जवान सीमा पर दुश्मनों को जवाब देने के साथ जरूरत पड़ने पर उनके ठिकानों तक कार्रवाई करने का साहस रखते हैं। उन्होंने सेना के पराक्रम को मजबूत भारत की पहचान बताया।
हिंदू समाज से एकजुट रहने की अपील, सांस्कृतिक विरासत का जिक्र
रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज से संगठित और जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को समझना और समाज की अपनी ताकत को पहचानना जरूरी है।
अपने भाषण में उन्होंने भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए गांधार तक ऐतिहासिक विस्तार की बात कही। साथ ही टिप्पणी की कि जो भूभाग कभी भारत से अलग हुआ था, वह भविष्य में फिर इसका हिस्सा बनेगा।
युवाओं को हुनर और मेहनत से भविष्य बनाने की सलाह
कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक ने प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अपनी क्षमताएं बढ़ाने और समय का सही उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को अपने कौशल और मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से केवल अवसरों का इंतजार करने के बजाय खुद को इतना सक्षम बनाने की बात कही, जिससे वे अपना भविष्य संवारने के साथ समाज के विकास में भी योगदान दे सकें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.