मन की बात में पीएम मोदी ने नशे से लेकर साइबर ठगी तक पर की चर्चा, जानें कार्यक्रम की 10 बड़ी बातें

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी ने मन की बात में नशे को युवाओं के सपनों के सामने बड़ी चुनौती बताया।
- 'नशा मुक्त युवा अभियान' और नशे के खिलाफ समाज की बढ़ती सक्रियता का किया जिक्र।
- 'आईगॉट कर्मयोगी' प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से अधिक कोर्स उपलब्ध।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का प्रसारण शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पीएम मोदी देशवासियों से संवाद कर रहे हैं और विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' समाज के हर वर्ग और देश के प्रत्येक हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इसके जरिए समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाता है।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में सबसे पहले ड्रग्स यानी नशे की लत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है। युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन नशा उनके सपनों के सामने एक बड़ी चुनौती बन गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें संतोष है कि देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है। 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने ऐसे कई प्रेरक उदाहरणों का जिक्र किया, जहां युवाओं ने अपनी इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत को मात दी और कठिन परिस्थितियों से संघर्ष कर अपने जीवन को नई दिशा दी।
सरकारी कर्मचारी भी नई तकनीक सीखने में दिखा रहे रुचि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में सरकारी कर्मचारियों के सीखने के जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब भी हम जीवन में कुछ नया सीखते हैं, तो अलग तरह का आनंद मिलता है। सीखने की कोई उम्र नहीं होती।
उन्होंने कहा कि देश में लाखों सरकारी कर्मचारी ऐसे हैं, जिनमें कुछ नया सीखने का उत्साह दिखाई दे रहा है। इनमें कई कर्मचारी 20-25 वर्षों से सरकारी सेवा में हैं। इतने लंबे अनुभव के बावजूद वे अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ नई चीजें सीखने के लिए भी समय निकाल रहे हैं।
इसके लिए वे 'आईगॉट कर्मयोगी' (IGOT कर्मयोगी) डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मंच पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारी कई कोर्स पूरे कर चुके हैं। कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रहा है, तो कोई भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि एआई और नई तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रमों को लेकर सरकारी कर्मचारियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। इससे संबंधित 200 से अधिक कोर्स हैं, जिनमें सवा-तीन करोड़ से ज्यादा कोर्स पूरे किए जा चुके हैं।
खोया हुआ मोबाइल ढूंढने का तरीका भी बताया
प्रधानमंत्री मोदी ने मोबाइल फोन खोने की परेशानी का जिक्र करते हुए उसे वापस पाने का तरीका भी बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल में हमारे कॉन्टैक्ट्स, फोटो, जरूरी दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं। ऐसे में फोन खो जाने पर काफी परेशानी होती है और उसे वापस पाने की उम्मीद भी धीरे-धीरे कम होने लगती है। हालांकि, अब ऐसा नहीं है। भारत सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म 'संचार साथी' खोया हुआ मोबाइल वापस पाने में मदद कर सकता है।
उन्होंने बताया कि हर मोबाइल फोन की एक खास पहचान होती है, जिसे IMEI नंबर कहा जाता है। 'संचार साथी' इसी पहचान के जरिए खोए हुए फोन को तलाशने में सहायता करता है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही इस प्लेटफॉर्म पर मोबाइल का IMEI नंबर और कुछ जरूरी जानकारियां देकर फोन ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके बाद कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया सिम डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।
साइबर ठगी रोकने में भी मददगार है संचार साथी
पीएम मोदी ने कहा कि 'संचार साथी' लोगों को एक-दूसरे की मदद करने का अवसर भी देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास धोखाधड़ी के इरादे से फोन आता है और ठग उससे OTP मांगता है, तो वह उसकी पहचान कर कॉल काट सकता है। लेकिन संभव है कि ठग की अगली कॉल किसी बुजुर्ग व्यक्ति के पास जाए और वह उसके झांसे में आ जाए। इसलिए संदिग्ध कॉल की जानकारी 'संचार साथी' पर साझा करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने पुणे के हिमांशु सिंह का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि हिमांशु ने 'संचार साथी' पर 300 से ज्यादा नंबरों की शिकायत की थी। उनके प्रयासों से पिछले एक साल में करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द कराने में मदद मिली।
इसी तरह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के विवेक अल्हरी ने एक सतर्क नागरिक की भूमिका निभाते हुए प्लेटफॉर्म पर 900 से अधिक फर्जी नंबरों की जानकारी साझा की। उनके प्रयास से करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन बंद कराने में मदद मिली। पीएम मोदी ने लोगों से इनसे सीख लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी की छोटी-सी कोशिश देश के दूसरे हिस्से में रहने वाले परिवार की जीवनभर की कमाई बचा सकती है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि 'संचार साथी' से बैंक, पेमेंट एप, टेलीकॉम कंपनियों और पुलिस समेत 1600 से ज्यादा संस्थान जुड़े हैं। इसकी मदद से साइबर ठगी की कई कोशिशों को समय रहते नाकाम किया जा रहा है। इस व्यवस्था के जरिए अब तक 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान को रोका गया है। यह एप 23 भाषाओं में उपलब्ध है और इसका इस्तेमाल करना भी आसान है।
उन्होंने लोगों से 'संचार साथी' के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी देने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां डिजिटल दुनिया को सभी के लिए सुरक्षित बना सकती हैं।
दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम में बिहार म्यूजियम नौवें स्थान पर
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से किसी नई जगह पर घूमने जाने के दौरान वहां के म्यूजियम के बारे में भी जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई जगह पर जाने पर अक्सर लोग वहां के प्रसिद्ध स्थलों और खान-पान का आनंद लेते हैं, लेकिन वहां के संग्रहालयों को देखना भी जरूरी है।
पीएम मोदी ने भारत के म्यूजियम से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में नौवां स्थान मिला है। इस सूची में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले नंबर पर है।
उन्होंने कहा कि पेरिस के 'लूव्र म्यूजियम' और न्यूयॉर्क के 'द मेट' म्यूजियम को दुनिया में काफी प्रसिद्धि मिली है, लेकिन इस सूची में बिहार म्यूजियम इन दोनों से आगे है।
वडनगर म्यूजियम को मिला बड़ा सम्मान
प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई चीजें मिली थीं। जिस स्थान पर खुदाई की गई, उसी जगह पर इस म्यूजियम को विकसित किया गया है।
यहां एक ऐसा रास्ता बनाया गया है, जिस पर चलते हुए लोग जमीन के कई मीटर नीचे तक हुई खुदाई को देख सकते हैं। वडनगर म्यूजियम में पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन की दुनिया का प्रतिष्ठित 'रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड' मिला है। यह सम्मान पाने वाला भारत का पहला म्यूजियम है।
उन्होंने कहा कि वडनगर हजारों वर्षों से जीवंत शहर है, ठीक काशी की तरह। उन्होंने इस संयोग का भी जिक्र किया कि उनका जन्म वडनगर में हुआ और वे काशी के सांसद हैं। कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के पूज्य शंकराचार्य भी वडनगर गए थे। उन्होंने वडनगर को 'गुजरात की काशी' के रूप में पहचान दी है।
विदेशों में बढ़ रही भारतीय गुड़ और चॉकलेट की मांग
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय गुड़, चॉकलेट और स्थानीय उत्पादों की बढ़ती पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के इरोड का जैविक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। वहीं, भारत से चॉकलेट और कोको से बने उत्पादों का निर्यात पिछले साल करीब 25 प्रतिशत बढ़ा है।
पीएम मोदी ने गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से तैयार होने वाली चॉकलेट की चर्चा भी की। उन्होंने बताया कि सरहद डेयरी में ऊंटनी के दूध का रोजाना संग्रह 1,300 लीटर से बढ़कर 5,500 लीटर से अधिक हो गया है। इस दूध का इस्तेमाल चॉकलेट, केसर वाला दूध और राजभोग आइसक्रीम बनाने में किया जा रहा है। सूरत की श्मिटन चॉकलेट भी दुनिया में अपनी पहचान बना रही है।
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100 आयोजन पूरे
प्रधानमंत्री ने फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' के 100 आयोजन पूरे हो चुके हैं। इस अभियान से 30 हजार से अधिक स्थानों पर करीब 37 लाख लोग जुड़ चुके हैं।
उन्होंने खेलों में भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। इनमें भारतीय फुटबॉल टीम का दसवीं बार सैफ चैंपियनशिप जीतना और लक्ष्य सेन तथा पीवी सिंधु की सफलता शामिल है।
मोटापा बड़ी चुनौती, तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत घटाने की अपील
पीएम मोदी ने मोटापे को एक बड़ी चुनौती बताते हुए लोगों से अपने भोजन में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने और नियमित व्यायाम करने की अपील की।
उन्होंने कनाडा के साई धाम फूड बैंक का भी जिक्र किया, जो हर महीने करीब 60 हजार लोगों की मदद करता है।
शोभा सिंह और बीएन राव को किया याद
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने सिख गुरुओं के चित्र बनाने वाले कलाकार शोभा सिंह की 125वीं जयंती को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बीएन राव को भी श्रद्धांजलि दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.