परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन में हलचल, खरगे आज स्टालिन और शरद पवार से करेंगे मुलाकात

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करेंगे।
- खरगे चेन्नई में डीएमके प्रमुख स्टालिन और मुंबई में NCP (SP) अध्यक्ष पवार से मिलेंगे।
- कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी बैठकों में शामिल होने की संभावना है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर इंडी (INDI) गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच मतभेद उभरकर सामने आए हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इन बैठकों में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी खरगे के साथ शामिल होने की संभावना है। यह मुलाकात ऐसे वक्त हो रही है, जब डीएमके और एनसीपी (एसपी) ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन का फैसला किया है।
सहयोगी दलों के बीच सहमति बनाने में जुटी कांग्रेस
इन घटनाक्रमों के बाद प्रस्तावित कानून पर विपक्षी गठबंधन के साझा रुख को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
डीएमके सांसद कनिमोझी ने बताया कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक के समर्थन का निर्णय लिया है, क्योंकि पार्टी की मांगों को प्रस्तावित कानून में शामिल किया गया है। इनमें अगले 25 वर्षों तक संसदीय प्रतिनिधित्व को यथावत रखने की मांग भी शामिल है।
परिसीमन विधेयक पर डीएमके का रुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद डीएमके सांसदों ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी को आश्वासन मिला है कि 1971 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़ाकर 59 की जाएगी। साथ ही यह व्यवस्था अगले 25 साल तक जारी रहेगी।
इससे पहले एमके स्टालिन ने कहा था कि डीएमके अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने में सफल रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने इस मुद्दे पर दूरगामी सोच के साथ अपना रुख तय किया है। स्टालिन ने यह भी कहा कि दक्षिणी राज्यों पर परिसीमन के संभावित प्रभाव को लेकर चिंता जताने वाली डीएमके पहली पार्टी थी।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
दूसरी ओर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंडी गठबंधन के सहयोगियों के अलग-अलग रुख से पैदा होने वाले मतभेदों की संभावना को कम करके देखने की कोशिश की। उनसे जब पूछा गया कि एनसीपी (एसपी) के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से गठबंधन में शरद पवार की स्थिति पर कोई असर पड़ेगा या नहीं, तो उन्होंने कहा, "गठबंधन में उनकी जो स्थिति है, वही रहेगी। अगर वे बिल का समर्थन करते हैं तो भी गठबंधन में उनकी स्थिति बदलने वाली नहीं है।"
डीएमके के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लोकतंत्र की लड़ाई बताया। उन्होंने टीडीपी समेत एनडीए के सहयोगी दलों से भी अपील की। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रस्तावित कानून को लेकर विपक्षी गठबंधन की प्रतिक्रिया समझने और प्रमुख सहयोगी दलों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिहाज से मल्लिकार्जुन खरगे की स्टालिन और शरद पवार के साथ होने वाली मुलाकातों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.