बीकेटीसी विवाद: हेमंत द्विवेदी ने गणेश गोदियाल के आरोपों पर किया पलटवार

HIGHLIGHTS
- बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कई आरोप लगाए।
- द्विवेदी ने कहा कि चढ़ावा चोरी मामले की जांच चल रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- उन्होंने बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की पवित्रता और श्रद्धालुओं के विश्वास से कोई समझौता नहीं करने की बात कही।
बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों का जवाब देते हुए उन पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीकेटीसी अध्यक्ष पद पर रहते हुए गोदियाल ने मंदिर समिति के कोष में चढ़ावे और दान से जमा धनराशि का गलत इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र में व्यक्तिगत लोगों को 25 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी गई।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदियाल बिना किसी तथ्य और प्रमाण के आरोप लगाकर जांच को प्रभावित करने और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
द्विवेदी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब गोदियाल बीकेटीसी के अध्यक्ष थे तो क्या उन्हें मंदिर समिति के कार्यों के लिए राहुल गांधी या प्रियंका गांधी से निर्देश मिलते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में इस तरह की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर है।
उन्होंने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की पवित्रता और श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसे सजा मिलेगी। वहीं, यदि कोई निर्दोष है तो उस पर आरोप लगाने वालों को जवाब दिया जाएगा।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनका 14 महीने का कार्यकाल रहा है और उन्होंने मंदिर समिति से अपने लिए कोई स्टाफ नहीं रखा। उन्होंने कहा कि फैसला लिया गया था कि पूरा स्टाफ फील्ड में काम करेगा। इसके विपरीत उन्होंने आरोप लगाया कि गोदियाल के साथ अध्यक्ष रहते हुए 10 से 12 लोगों का स्टाफ रहता था।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि गोदियाल का दावा है कि उन्होंने अध्यक्ष रहते हुए एक रुपये भी नहीं लिया, जबकि विधायक के तौर पर वेतन लेने के साथ-साथ बीकेटीसी से मिलने वाले लाभ भी लिए गए थे।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी और मीडिया संपर्क संयोजक हरीश चमोली भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.