दुबई से 250 करोड़ की ठगी का खेल चला रहा था बीटेक पास सुल्तान मिर्जा, कई राज्यों में फैला नेटवर्क

HIGHLIGHTS
- कानपुर पुलिस ने 250 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया, जिसका सरगना सुल्तान मिर्जा बताया जा रहा है।
- पुलिस के अनुसार, सुल्तान मिर्जा दुबई में बैठकर ऑनलाइन गेम और आईपीएल सट्टे से जुड़े नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
- जांच में गिरोह के कई शहरों में ठिकानों और करोड़ों की संपत्तियों की जानकारी सामने आई है, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
कानपुर। प्रतिबंधित ऑनलाइन गेम और आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाकर 250 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का सरगना बीटेक पास सुल्तान मिर्जा दुबई में बैठकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा है। पुलिस के अनुसार, वह ठगी से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल हवाला कारोबार में करता है।
पुलिस को सुल्तान मिर्जा के मुंबई, बिहार, नोएडा, दिल्ली और कोलकाता स्थित ठिकानों की जानकारी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि उसने इन जगहों पर करोड़ों रुपये की संपत्तियां बनाई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
गिरोह के खास सदस्य राजवीर सिंह और शिवम सिन्हा की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही सुल्तान मिर्जा ने वकील के जरिए कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन भी दाखिल कर दिया है।
250 करोड़ रुपये की ठगी का मामला
बर्रा थाना पुलिस ने 250 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में मूल रूप से औरैया के दिबियापुर निवासी और वर्तमान में बर्रा सात में रहने वाले राजवीर सिंह तथा गुजैनी निवासी शिवम सिन्हा को गिरफ्तार किया था।
दोनों से पूछताछ में पता चला कि पूरे गिरोह का संचालन मूल रूप से बिहार के सासाराम निवासी और वर्तमान में रतनलाल नगर में रहने वाले अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा उर्फ जान सेना उर्फ वैलनटाइन कर रहा था। गिरोह के सदस्य सुल्तान को म्यूल खाते उपलब्ध कराते थे, जिसके बदले उन्हें हर महीने 25 हजार रुपये मिलते थे।
कानपुर में बनाए थे सात सेंटर
पुलिस के मुताबिक, राजवीर और उसके साथियों ने कानपुर में सात सेंटर खोल रखे थे। इन सेंटरों पर दस्तावेज तैयार कराने से लेकर बैंक खाते खुलवाने तक का काम किया जाता था।
पुलिस का कहना है कि ठगी की रकम को सुल्तान मिर्जा हवाला कारोबार के जरिए इधर-उधर भेजता था और कुछ ही घंटों में रकम देश के किसी भी हिस्से में पहुंचा दी जाती थी।
बर्रा थाना पुलिस के अनुसार, सुल्तान मिर्जा के बिहार, नोएडा, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में भी ठिकाने हैं। वहां उसके लिए काम करने वाले लोग म्यूल खाते उपलब्ध कराते हैं। पुलिस को आशंका है कि इन स्थानों पर भी उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति है। बताया जा रहा है कि फिलहाल सुल्तान दुबई में है।
डांस वीडियो हुआ वायरल
सुल्तान मिर्जा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह दुबई में एक बार गर्ल के साथ डांस करते और नोट उड़ाते हुए नजर आ रहा है। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.