परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की होगी CBI जांच, अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले भगवंत मान का बड़ा ऐलान

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सीबीआई जांच की घोषणा की।
- परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
- पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया था।
चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
अमित शाह मंगलवार को पंजाब पहुंच रहे हैं। उनके दौरे से पहले झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने का मुद्दा राज्य की राजनीति में प्रमुखता से उठ रहा था। मृतक के परिवार और प्रदर्शनकारी लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे।
मेडिकल स्टोर में गोली मारकर की गई थी हत्या
मानसा में 13 अक्टूबर को परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। झोटा नशे के खिलाफ आवाज उठाते थे और मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री का विरोध कर रहे थे।
रिपोर्टों के मुताबिक, एक मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान झोटा को गोली मार दी गई। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित और मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया था।
घटना के बाद झोटा के परिजनों और समर्थकों ने निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़ा था परिवार
परविंदर सिंह झोटा के परिवार और समर्थकों ने सीबीआई जांच की मांग पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का फैसला किया था। न्याय की मांग को लेकर मानसा में धरना भी जारी रहा।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के इस्तीफे के साथ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई थी। पंजाब सरकार ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए तीन महिला आईएएस अधिकारियों की समिति गठित की थी। हालांकि, शुरुआती दौर की बातचीत में गतिरोध समाप्त नहीं हो सका था।
अमित शाह के दौरे से पहले बढ़ा राजनीतिक दबाव
झोटा हत्याकांड को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने भी पंजाब सरकार को घेरा था। भाजपा ने राज्यपाल को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी।
सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर झोटा की हत्या की स्वतंत्र जांच कराने और नशा तस्करी में कथित राजनीतिक-पुलिस गठजोड़ की पड़ताल करने की मांग की थी।
अमित शाह ने अपने पंजाब दौरे के दौरान मानसा में झोटा के परिवार से मुलाकात का कार्यक्रम बनाया है। इसके अलावा वह संगरूर और गुरदासपुर में भी नशे से जुड़े मामलों से प्रभावित परिवारों से मिलने वाले हैं।
ऐसे में शाह के दौरे से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान की सीबीआई जांच कराने की घोषणा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब मामले को केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की औपचारिक प्रक्रिया और आगे की जांच पर नजर रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.